Jharkhand: झारखंड की भाजपा नेता गिरफ्तार, नुपुर शर्मा के समर्थन में किया था आपत्तिजनक पोस्ट
पुलिस ने बताया कि राज्य के सरायकेला-खरसावां जिले की भाजपा की जिला समिति की कार्यकारी समिति की सदस्य अनीशा सिन्हा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया।
विस्तार
झारखंड के आदित्यपुर में एक स्थानीय महिला भाजपा नेता को नुपुर शर्मा के समर्थन में आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट लिखने पर गिरफ्तार किया गया है। इसके पहले भिवंडी में एक मुस्लिम युवक को ऐसे ही मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि राज्य के सरायकेला-खरसावां जिले की भाजपा की जिला समिति की कार्यकारी समिति की सदस्य अनीशा सिन्हा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। सिन्हा के खिलाफ भादंवि की धारा 295 ए (धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य) और धारा 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि भाजपा नेता का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
रांची में हिंसा के बाद सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई
नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद जिले में अलर्ट है। रांची में इस मामले को लेकर पिछले सप्ताह व्यापक हिंसा हुई थी। सरायकेला पुलिस ने तनाव फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ा दी है। इस टिप्पणी के बाद भाजपा ने नुपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया है। इस टिप्पणी से देश दुनिया में बवाल गया गया था। पूर्व भाजपा प्रवक्ता शर्मा के खिलाफ कई राज्यों में केस भी दर्ज किया गया है।
भाजपा ने जताया गिरफ्तारी पर रोष
सरायकेला के जिला भाजपा अध्यक्ष बिजय महतो ने सिन्हा की गिरफ्तारी पर रोष प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने में उसने अपनी गलती के लिए माफी मांग ली थी, फिर भी उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में सरकार के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
पहले हुआ था भिवंडी का युवक गिरफ्तार
नुपुर के समर्थन में पोस्ट लिखने के मामले में इससे पूर्व महाराष्ट्र के भिवंडी से एक मुस्लिम युवक को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी युवक इंजीनिरिंग का छात्र है। उसकी पहचान साद अशफाक अंसारी के रूप में हुई। साद अशफाक पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर शनिवार को एक पोस्ट की थी। इसमें नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी का समर्थन करते हुए कई बातें लिखी गई थीं।