UPSC CSE 2026: यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स आज, 8 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल; अच्छे से समझ लें गाइडलाइंस
UPSC CSE Prelims 2026: यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 आज 24 मई को आयोजित होगी। इस बार करीब 8.19 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध लगाया है और समय से पहले पहुंचने की सलाह दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UPSC CSE Prelims 2026: संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 आज, यानी 24 मई को आयोजित की जाएगी। यह देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा है, जिसमें इस बार करीब 8.19 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक और संचार उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 दो सत्रों में आयोजित होगी। सामान्य अध्ययन (General Studies) पेपर-1 सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा। वहीं सीसैट (CSAT) पेपर-2 दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
आयोग के अनुसार परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को प्रत्येक सत्र से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
इस बार पहली बार परीक्षा के तुरंत बाद जारी होगी आंसर-की
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वर्ष यूपीएससी पहली बार प्रारंभिक परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा। इससे उम्मीदवारों को अपने संभावित अंकों का अनुमान लगाने में मदद मिलेगी।
पांच प्वाइंट्स में कुछ जरूरी दिशानिर्देश
- परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और मूल फोटो आईडी साथ ले जाना अनिवार्य है।
- परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें।
- मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित हैं।
- परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
- एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट न होने पर पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखें।
तीन नए परीक्षा केंद्र जोड़े गए
यूपीएससी ने इस बार अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भुवनेश्वर, कानपुर और मेरठ को नए परीक्षा केंद्र के रूप में जोड़ा है। इन नए केंद्रों के शामिल होने के बाद कुल परीक्षा केंद्रों की संख्या 80 से बढ़कर 83 हो गई है। आयोग के अनुसार 23 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने इन नए केंद्रों का चयन किया है।
परीक्षा केंद्र पर क्या ले जाना मना है?
आयोग ने परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, टैबलेट, लैपटॉप, कैमरा, नोट्स, किताबें और बैग जैसी वस्तुओं को ले जाने पर रोक लगाई है।
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी और एक मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन उम्मीदवारों की फोटो ई-एडमिट कार्ड पर स्पष्ट नहीं है, उन्हें प्रत्येक सत्र के लिए पासपोर्ट साइज फोटो और अंडरटेकिंग फॉर्म साथ लाना होगा।