Rajasthan: राजस्थान में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियों का कैलेंडर जारी, देखें कौन-कौन से पदों पर होगी भर्ती
Rajasthan Government Job Calendar 2026: राजस्थान सरकार ने भर्ती कैलेंडर 2026 जारी किया है। इसमें 44 भर्ती परीक्षाओं के जरिए 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्ति होगी। पुलिस कांस्टेबल, आएएस, वीडीओ और शिक्षा विभाग की भर्तियां जनवरी से दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।
विस्तार
Rajasthan Govt Jobs: राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में एक लाख पदों पर होने वाली भर्तियों का विस्तृत कैलेंडर जारी किया है। इस भर्ती कैलेंडर में अलग-अलग विभागों की कुल 44 भर्तियों को शामिल किया गया है। सरकार का दावा है कि इससे लाखों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
तीन साल में 15 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने भर्ती कैलेंडर जारी करते हुए कहा कि राज्य सरकार अगले तीन वर्षों में लगभग 15 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इसी रणनीति के तहत यह कैलेंडर तैयार किया गया है, ताकि परीक्षाओं में पारदर्शिता बनी रहे और अभ्यर्थियों को पहले से तैयारी का समय मिल सके। कैलेंडर के अनुसार भर्तियां पूरे साल चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी।
पुलिस, आरएएस और वीडीओ भर्ती पर विशेष फोकस
- राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती में 4000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस भर्ती की परीक्षा जून से जुलाई के बीच प्रस्तावित है।
- राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) भर्ती में 500 पद रखे गए हैं, जिसकी प्रारंभिक परीक्षा मई माह में होगी।
- ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के 3430 पदों के लिए परीक्षा दिसंबर में आयोजित की जाएगी।
किस महीने में कितनी परीक्षाएं होंगी?
- भर्ती कैलेंडर के अनुसार जनवरी माह में सबसे अधिक 8 परीक्षाएं आयोजित होंगी।
- फरवरी में 3 और मार्च में 1 परीक्षा होगी।
- अप्रैल महीने में 4 परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
- मई में 3, जून में 2 और जुलाई, अगस्त, सितंबर व अक्तूबर में तीन-तीन परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
- नवंबर में 2 और दिसंबर में कुल 4 बड़ी भर्ती परीक्षाएं कराई जाएंगी।
शिक्षा विभाग में हजारों पदों पर भर्तियां
शिक्षा विभाग में इस बार बड़े स्तर पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। विभिन्न पदों को मिलाकर करीब 10 हजार भर्तियां होंगी। स्कूल व्याख्याता भर्ती के तहत 3725 पदों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 2214 और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के 322 पदों पर भर्ती होगी। इन कंप्यूटर अनुदेशक भर्तियों की परीक्षा अगस्त माह में संभावित है।
आरएसएसबी कराएगा आधी से ज्यादा भर्तियां
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) इस कैलेंडर में शामिल 44 में से 22 भर्तियों का आयोजन करेगा। इन भर्तियों के जरिए लगभग 35 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। नए नियमों के अनुसार अब परिणाम जारी करने से पहले पदों की संख्या में 100 प्रतिशत तक बढ़ोतरी भी की जा सकेगी, जिससे अधिक अभ्यर्थियों को लाभ मिलने की संभावना है।
Rajasthan Government Job Calendar 2026: परीक्षा कैलेंडर
| क्रम | परीक्षा का नाम | पदों की संख्या | परीक्षा माह |
|---|---|---|---|
| 1 | प्राध्यापक भर्ती 2025 | 09 | जनवरी |
| 2 | प्राथमिक अध्यापक (लेवल-I) | 5449 | जनवरी |
| 3 | उच्च प्राथमिक अध्यापक (लेवल-II विज्ञान-गणित) | 1043 | जनवरी |
| 4 | उच्च प्राथमिक अध्यापक (लेवल-II सामाजिक अध्ययन) | 296 | जनवरी |
| 5 | उच्च प्राथमिक अध्यापक (लेवल-II अंग्रेजी) | 221 | जनवरी |
| 6 | उच्च प्राथमिक अध्यापक (लेवल-II हिंदी) | 174 | जनवरी |
| 7 | प्राथमिक अध्यापक (लेवल-I संस्कृत) | 187 | जनवरी |
| 8 | उच्च प्राथमिक अध्यापक (लेवल-II संस्कृत) | 389 | जनवरी |
| 9 | शिक्षा विभाग (विभिन्न पद) | 10000 | जनवरी–मार्च |
| 10 | सहायक विद्युत निरीक्षक | 09 | फरवरी |
| 11 | कनिष्ठ रसायनज्ञ | 13 | फरवरी |
| 12 | आयुष मिशन (विभिन्न पद) | 1548 | फरवरी |
| 13 | सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती (मुख्य) | 1014 | मार्च |
| 14 | पुलिस उप निरीक्षक | 1015 | अप्रैल |
| 15 | कृषि पर्यवेक्षक | 1100 | अप्रैल |
| 16 | पशु चिकित्सा अधिकारी | 1100 | अप्रैल |
| 17 | सहायक कृषि अभियंता | 281 | अप्रैल |
| 18 | प्रयोगशाला सहायक (भूगोल) | 136 | मई |
| 19 | प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) | 668 | मई |
| 20 | व्याख्याता/कोच संयुक्त भर्ती | 3725 | मई–जून |
| 21 | RAS संयुक्त परीक्षा | 500 | मई |
| 22 | महिला पर्यवेक्षक | 72 | जून |
| 23 | वनपाल | 259 | जून |
| 24 | पुलिस कांस्टेबल | 4000 | जून–जुलाई |
| 25 | लिपिक ग्रेड-II / कनिष्ठ सहायक | 10644 | जुलाई |
| 26 | वरिष्ठ अध्यापक | 6500 | जुलाई |
| 27 | कनिष्ठ विधि अधिकारी | 12 | जुलाई |
| 28 | PHED विभाग (विभिन्न पद) | 3000 | जुलाई–अगस्त |
| 29 | वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक | 322 | अगस्त |
| 30 | बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक | 2214 | अगस्त |
| 31 | सांख्यिकी अधिकारी | 113 | अगस्त |
| 32 | शारीरिक शिक्षा अध्यापक | 1079 | सितंबर |
| 33 | निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर्स | 12 | सितंबर |
| 34 | निरीक्षक कारखाना (रसायन) | 01 | सितंबर |
| 35 | सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी | 09 | अक्टूबर |
| 36 | सफाई कर्मचारी | 24793 | अक्टूबर |
| 37 | ऊर्जा विभाग (विभिन्न पद) | 2000 | अक्टूबर |
| 38 | विविध पद | 6000 | अक्टूबर–दिसंबर |
| 39 | संरक्षण अधिकारी | 12 | नवंबर |
| 40 | कनिष्ठ अभियंता संयुक्त | 774 | नवंबर |
| 41 | संविदा टीचिंग एसोसिएट | 3500 | दिसंबर |
| 42 | ग्राम विकास अधिकारी | 3430 | दिसंबर |
| 43 | चिकित्सा अधिकारी | 600 | दिसंबर |
| 44 | नर्सिंग एवं पैरामेडिकल | 2000 | दिसंबर |