Live
Assembly Election Voting Live: 11 बजे तक असम में 39% से अधिक मतदान, केरल-पुदुचेरी में भी 30% से अधिक वोटिंग
Assam Kerala Puducherry Vidhan Sabha Chunav Voting, Election News Live: दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। असम में 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। तीनों प्रदेशों में मतदान से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में जानिए
लाइव अपडेट
दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा ने किया मतदान
असम के दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पाल्मी बोरठाकुर ने दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 116 पर पहुंचकर अपना वोट डाला। कल ही अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद गरिमा सैकिया गर्ग मतदान करने पहुंचीं। उन्होंने कहा, 'मैं शारीरिक रूप से अस्वस्थ हूं, लेकिन फिर भी वोट डालने आई हूं क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है। पहले मैं जुबीन के साथ वोट डालने आती थी।' जुबीन गर्ग के लिए न्याय की मांग पर उन्होंने कहा, 'हम इसके लिए लड़ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कोई परिणाम निकलेगा।'कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने किया मतदान, भाजपा को बताया शून्य
केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, 'यहां भाजपा का कोई फैक्टर नहीं है। यह एक ऐसा राज्य है जहां विधानसभा में भाजपा शून्य सीट वाली पार्टी है। उनका नाम लेना भी उनके लिए एक बड़ी तारीफ होगी।' थरूर ने आगे कहा, केरल में असली चुनावी मुकाबला सत्ताधारी LDF सरकार और चुनौती दे रहे UDF गठबंधन के बीच है।
महिला आरक्षण बिल पर क्या बोले कांग्रेस सांसद?
महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा, 'हमने अभी तक बिल का ड्राफ्ट नहीं देखा है। मुझे पता है कि वे इसके लिए 16 अप्रैल को संसद का सत्र बुलाने की योजना बना रहे हैं। हमें बिल देखना होगा और समझना होगा कि वे क्या प्रस्ताव रख रहे हैं। हमें संघवाद, विधायिका के कामकाज और संसद पर इसके असर का पता लगाना होगा। क्या 800 के आस-पास सदस्य होंगे? क्या उन्हें बोलने का मौका मिलेगा? इन सभी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।'
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट में किया मतदान
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट के डीसीबी गर्ल्स हाई स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि लोगों में भारी उत्साह है और वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए एक नए असम का निर्माण करेंगे।मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने किया मतदान
मलयालम सुपरस्टार ममूटी और उनकी पत्नी सुल्फाथ कुट्टी ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपना मतदान किया। दोनों ने कोच्चि के क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सत्ता परिवर्तन का दावा किया
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मतदान के बाद सत्ता परिवर्तन का दावा किया। उन्होंने कहा कि केरल की जनता भाजपा को पसंद नहीं करती है और 10 साल के कुशासन की वजह से इस बार राज्य में सरकार निश्चित तौर पर बदलेगी।
11 बजे तक असम में 39 फीसदी मतदान, केरल सबसे पीछे
पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने किया मतदान
पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने विधानसभा चुनाव के लिए डीएमएस कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद नागरिकों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, 'चुनाव में मतदान करना प्रत्येक नागरिक का प्राथमिक कर्तव्य है। मैं सभी नागरिकों से अपना वोट डालने का अनुरोध करता हूं।'केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने किया मतदान
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि मैंने मतदान किया है और मैं राज्य के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने कर्तव्य का पालन करें। लोकतंत्र न केवल हमारी मिट्टी में बल्कि हमारे दिलों में भी गहराई से बसा हुआ है। आइए हम सब मिलकर मतदान करें।पुदुचेरी के पूर्व सीएम नारायणसामी ने किया मतदान
पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। शाम 6 बजे तक चलने वाले इस चुनाव में मतदाता 1,099 केंद्रों पर वोट डाल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कतार में लगकर अपना वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि इस बार पुदुचेरी में इंडिया गठबंधन के पक्ष में माहौल बहुत अच्छा है। वर्तमान में यहां एन रंगासामी के नेतृत्व वाली एआईएनआरसी और बीजेपी गठबंधन की सरकार है।प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव के लिए 4,836 कर्मचारी और भारी पुलिस बल तैनात किया है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 30 कंपनियां भी तैनात हैं। कुल 209 बूथों को संवेदनशील और 5 को अत्यंत संवेदनशील माना गया है। यहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बुजुर्गों और दिव्यांगों की मदद के लिए 2,000 छात्र स्वयंसेवक लगाए गए हैं। इस बीच चुनाव प्रचार के दौरान अधिकारियों ने 8.4 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और शराब जब्त की। कलेक्टर ए कुलुथुंगन ने बताया कि लोग सुबह से ही बड़े उत्साह के साथ वोट डालने पहुंच रहे हैं। साल 2021 में यहां 82 प्रतिशत मतदान हुआ था। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार मतदान का प्रतिशत और बढ़ेगा।
चुनाव प्रक्रिया समझने असम पहुंचा विदेशी प्रतिनिधिमंडल, कामरूप में किया वृक्षारोपण
असम विधानसभा चुनाव के दौरान श्रीलंका का एक प्रतिनिधिमंडल मतदान केंद्र का दौरा करने पहुंचा। यह दौरा भारत निर्वाचन आयोग के 'अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम' (आईईवीपी) का हिस्सा है। श्रीलंकाई प्रतिनिधियों ने न केवल चुनाव प्रक्रिया को करीब से देखा, बल्कि पर्यावरण का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण भी किया। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। आयोग ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद विदेशी मेहमानों को भारत की चुनाव प्रणाली समझाना है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सात अप्रैल को दिल्ली में इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उन्होंने इसे 'लोकतंत्र का उत्सव' बताया।इस कार्यक्रम में 23 देशों के 43 प्रतिनिधि शामिल हैं। पहले चरण में ये लोग असम, केरल और पुदुचेरी का दौरा कर रहे हैं। दूसरे चरण में 20 अप्रैल से वे पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जाएंगे। इन प्रतिनिधियों को ईवीएम का काम करने का तरीका दिखाया गया। उन्होंने 'मॉक पोल' में हिस्सा लेकर वोटिंग का अनुभव भी लिया। विशेषज्ञों ने उन्हें चुनाव प्रबंधन और सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीएम पी विजयन और सुपरस्टार मोहनलाल ने किया मतदान
केरल विधानसभा चुनाव के लिए दिग्गज हस्तियों ने सुबह-सुबह मतदान किया। सुपरस्टार मोहनलाल सुबह 6:45 बजे नेमोम में कतार में खड़े दिखे, जबकि केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी सुबह 6:30 बजे ही मतदान के लिए गुरुवायूर पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री पी विजयन ने भी सुबह-सुबह अपना वोट डाला। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने भी अपने परिवार के साथ सुबह-सुबह आकर मतदान किया।