फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Live

Jagannath Rath Yatra: जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ, राष्ट्रपति और पीएम ने दी शुभकामनाएं; पुरी में हो रही बारिश

Thu, 16 Jul 2026 09:15 AM IST
प्रशांत तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: प्रशांत तिवारी Updated Thu, 16 Jul 2026 09:15 AM IST
खास बातें

पुरी में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की वार्षिक रथ यात्रा गुरुवार से शुरू हो रही है। तीनों भव्य रथ पूरी तरह तैयार हैं और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए ग्रैंड रोड पर स्थापित किए गए हैं। सुबह 6 बजे मंगला आरती के बाद अब पाहांडी (श्रृंगार और शोभा यात्रा के रूप में भगवान का रथों तक पहुंचने) की तैयारी की जा रही है। रथयात्रा से जुड़े अपडेट के लिए बने रहिए अमर उजाला के साथ...

विज्ञापन
Jagannath Rath Yatra Live President and PM extend greetings Find out when Rath Yatra will begin
जगन्नाथ रथयात्रा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

10:20 AM, 16-Jul-2026

 मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

ओडिशा के पुरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद करीब दो लाख श्रद्धालु पहले पहुंच चुके हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। रथ यात्रा की पूर्व संध्या पर पुरी में 143.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते प्रशासन ने ग्रैंड रोड पर जलभराव से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं ताकि 12वीं शताब्दी के श्री जगन्नाथ मंदिर से लगभग 2.6 किलोमीटर दूर श्री गुंडिचा मंदिर तक रथों की यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
09:58 AM, 16-Jul-2026

सुदर्शन पटनायक ने रेत पर उकेरी महाप्रभु की भव्य आकृति

भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर ओडिशा के पुरी बीच पर प्रसिद्ध रेत कलाकार और पद्मश्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने अपनी अनूठी कला से श्रद्धा अर्पित की। उन्होंने समुद्र तट की रेत पर महाप्रभु जगन्नाथ की भव्य आकृति के साथ 100 लघु रेत के रथ (मिनिएचर सैंड चैरियट) तैयार किए। उनकी इस आकर्षक कलाकृति ने रथ यात्रा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। पुरी बीच पर बनाई गई यह विशेष सैंड आर्ट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी रही, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर इस अद्भुत कलाकृति का अवलोकन किया।
 
विज्ञापन
09:55 AM, 16-Jul-2026

रथ यात्रा पर धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा?

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की पावन रथ यात्रा का शुभ दिन है। उन्होंने कहा कि कुछ ही देर में महाप्रभु मंदिर से बाहर निकलेंगे और पारंपरिक पाहंडी अनुष्ठान के बीच रथ पर विराजमान होंगे। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह पवित्र अवसर स्वयं महाप्रभु ने अपने भक्तों और आम जन को दर्शन देने के लिए निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि वह मंदिर जा रहे हैं, जहां भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के साथ-साथ गोवर्धन पीठ के शंकराचार्य का भी आशीर्वाद लेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह महाप्रभु से ओडिशा, पूरे भारत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना करेंगे। उन्होंने कामना की कि भारत निरंतर प्रगति करे और विश्व को मार्गदर्शन देने वाला राष्ट्र बने।

09:32 AM, 16-Jul-2026

कांग्रेस अध्यक्ष ने भी दी रथयात्रा की शुभकामनाएं

पवित्र रथयात्रा के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भक्तों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सभी देशवासियों को महाप्रभु श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। श्रद्धा, भक्ति और आस्था से परिपूर्ण यह महापर्व देश में सद्भाव, सुख-शांति और खुशहाली लेकर आए, यही हमारी कामना है। 
09:29 AM, 16-Jul-2026

रथयात्रा के लिए अहमदाबाद में 30 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

डेढ़ किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के तीन रथों के अलावा 18 सजे-धजे हाथी, करीब 100 झांकियां, लगभग 30 अखाड़े, धार्मिक मंडलियां और 20 से अधिक भजन मंडलियां शामिल हैं। सुरक्षा के लिए अहमदाबाद पुलिस, होमगार्ड और ट्रैफिक ब्रिगेड सहित लगभग 30 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 10 डीआईजी/आईजी स्तर के अधिकारी, 42 एसपी/डीसीपी, 93 एसीपी, 303 पुलिस निरीक्षक और 673 सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस की 3,000 जवानों की टुकड़ी, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की पांच कंपनियां, सीमा सुरक्षा बल (BSF) की चार कंपनियां और चेतक कमांडो की तीन विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं। यात्रा मार्ग पर करीब 3,700 सीसीटीवी कैमरे, 100 से अधिक ड्रोन कैमरे, 250 रूफटॉप निगरानी प्वाइंट और 250 डीप सर्विलांस प्वाइंट बनाए गए हैं। पुलिस 12 कंट्रोल रूम से लाइव निगरानी कर रही है, जबकि एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही 65 हजार से अधिक अपराधियों के फोटो फेस रिकग्निशन सिस्टम में अपलोड किए गए हैं ताकि संदिग्धों की तत्काल पहचान की जा सके। अनधिकृत ड्रोन पर नजर रखने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए दो एंटी-ड्रोन जैमिंग गन भी तैनात की गई हैं।
09:28 AM, 16-Jul-2026

मंगला आरती में शामिल हुए गृह मंत्री अमित शाह 

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह करीब चार बजे जमालपुर स्थित 400 वर्ष पुराने भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचे और प्रातःकालीन 'मंगला आरती' में शामिल हुए। इसके बाद सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार खलासी समुदाय के लोगों ने तीनों रथों को खींचकर यात्रा की शुरुआत कराई। आषाढ़ी बीज के अवसर पर निकलने वाली यह यात्रा सुबह करीब सात बजे शुरू हुई और करीब 16 किलोमीटर लंबे मार्ग से गुजरते हुए रात लगभग नौ बजे मंदिर लौटेगी। इस दौरान यात्रा जमालपुर, कालूपुर, शाहपुर और दरियापुर जैसे संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरेगी। करीब 15 लाख श्रद्धालुओं के इस भव्य आयोजन में शामिल होने की उम्मीद है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन
09:28 AM, 16-Jul-2026

अहमदाबाद में कड़ी सुरक्षा के बीच निकली 149वीं भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार सुबह भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथ यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक 'पाहिंद विधि' निभाकर किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के तीनों रथों के आगे सोने की झाड़ू से मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई कर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ राज्य के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री भी मौजूद रहें।
 
 
09:23 AM, 16-Jul-2026

सनातन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अद्वितीय अभिव्यक्ति 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भारत की सनातन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अद्वितीय अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा से जुड़ी परंपराओं ने भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। यह महापर्व विनम्रता, सामूहिक सहभागिता और निस्वार्थ सेवा की भावना का जीवंत प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना की कि वे सभी लोगों को उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें। साथ ही उन्होंने कामना की कि भगवान सभी को अपने हर प्रयास में सफलता के लिए शक्ति दें और समाज में एकता, सद्भाव तथा भाईचारे की भावना को और मजबूत करें।
09:19 AM, 16-Jul-2026

राष्ट्रपति ने दी रथयात्रा की शुभकामनाएं

रथयात्रा के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मी ने एक्स पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा कि महाप्रभु की रथयात्रा के पावन अवसर पर मैं देश-विदेश में श्रीजगन्नाथ के सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। लोकमान्यता है कि इस पवित्र यात्रा की महान परंपरा के दौरान चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र तथा बहन सुभद्रा सहित महाप्रभु श्रीजगन्नाथ भक्तों से मिलते हैं। भक्तों और भगवान के मिलन का यह भावपूर्ण अवसर अद्वितीय होता है। मेरी प्रार्थना है कि महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की कृपा से हमारे देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि में निरंतर वृद्धि होती रहे। जय जगन्नाथ!
 
09:05 AM, 16-Jul-2026

Jagannath Rath Yatra: जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ, राष्ट्रपति और पीएम ने दी शुभकामनाएं; पुरी में हो रही बारिश

ओडिशा के पुरी में आज सुबह 6 बजे से मंगला आरती के साथ भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुरुआत हो गई है। दुनियाभर में लोकप्रिय इस यात्रा को देखने के लिए देश-विदेश से सैलानी पहुंच रहे हैं। हिंदू धर्म में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को बहुत ही विशेष और पवित्र माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को पुरी में भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा संग अपने-अपने रथों पर सवार होकर नगर का भ्रमण करते हुए गुंडीचा मंदिर की ओर प्रस्थान करते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी समेत देश के कई नेताओं ने भक्तों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दी है। 
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed