Live
Mumbai BMC Election Results 2026 LIVE: बीएमसी, पुणे और नागपुर में BJP+ को बढ़त, क्या है अन्य दलों का हाल?
Maharashtra BMC Election Counting Live Updates: बीएमसी समेत महाराष्ट्र के 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव 15 जनवरी को संपन्न हुए और नतीजे आज यानी 16 जनवरी को घोषित होने है, जिसक लिए मतगणना शुरू हो गई है। यहां जाने पल-पल की अपडेट...
लाइव अपडेट
शुरुआती रुझानों पर राहुल गांधी बोले- जनता को भ्रमित कर रहा आयोग
महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 निगमों को लेकर चल रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। ऐसे में अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह जनता को गुमराह कर रहा है, और इसे लोकतंत्र में भरोसे की गिरावट बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि चुनाव आयोग द्वारा जनता को भ्रमित करना हमारे लोकतंत्र में भरोसे की कमी का कारण है। वोट चोरी एक देश विरोधी कृत्य है।
भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन 370 वार्ड में आगे
महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों के शुरुआती रुझानों में भाजपा नेतृत्व वाली महायुति 370 वार्ड में आगे चल रही है। इसमें भाजपा अकेले 297 वार्ड में बढ़त पर है, जबकि शिवसेना 73 वार्ड में अपना दबदबा बनाए हुए दिख रही है। इन शुरुआती रुझानों से साफ है कि भाजपा गठबंधन राज्य के कई नगर निगमों में मजबूत स्थिति में है।
चंद्रकांत पाटिल ने कहा- जनता काम देखकर भरोसा कर रही है, सिर्फ भाषणों पर नहीं
बीएमसी समेत महाराष्ट्र के सभी निगमों में चल रही मतगणना के रुझानों भाजपा गठबंधन को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। ऐसे में पुणे महापालिका चुनावों की मतगणना के दौरान महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि लोग उनके किए गए काम को देखकर भरोसा कर रहे हैं, सिर्फ चुनावी भाषणों पर नहीं। उन्होंने कहा कि हमने लोगों के मन में ये सवाल उठाया कि अगर शिवसेना (यूबीटी) विकास करना चाहती थी, तो पहले क्यों नहीं किया? हमनें कोविड-19 के दो और आधे साल के दौरान भी बहुत काम किया।
पाटिल ने आगे कहा कि चाहे ठाकरे भाई एक हों या कांग्रेस और एनसीपी मिलें, ये जनता के हित में नहीं है। लोगों ने समझ लिया है कि ये सब केवल अपने स्वार्थ के लिए है। उन्होंने पार्टी की जीत के रुझान बताते हुए कहा कि मुंबई में भाजपा को 90 और शिवसेना को 40 सीटें मिलेंगी। ये संख्या बढ़ सकती है, लेकिन कम नहीं होगी। पुणे में हम 115 सीटों से कम नहीं पाएंगे।
नागपुर में 40 सीटों पर भाजपा आगे
नागपुर में हुए चुनाव के रुझानों में भाजपा ने 40 सीटों पर अपनी मजबूत बढ़त बनाई है। वहीं कांग्रेस ने 12 सीटों पर अपनी बढ़त बना रखी है।
बीएमसी चुनाव के रुझानों में भाजपा 50 सीटों पर आगे
बीएमसी चुनाव के रुझानों में भाजपा गठबंधन 50 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी)+ 26 सीटों पर आगे चल रही है।
शाइना एनसी ने कहा- एक्जिट पोल सिर्फ ट्रेलर, असली रिजल्ट जल्द आएगा
महाराष्ट्र की नगरपालिका चुनावों की मतगणना शुरू होते ही शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शाइना एनसी ने शुक्रवार को कहा कि एक्जिट पोल केवल ट्रेलर हैं और असली तस्वीर कुछ ही घंटों में सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि एक्जिट पोल सिर्फ ट्रेलर हैं। परिणाम दो घंटे में आ जाएंगे। जनता ने 29 नगर निगमों के लिए विकास और एकनाथ शिंदे के काम को देखकर अपना फैसला किया है।
शाइना ने शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम वोटर तय करते हैं, किसी कहानी या बयान से नहीं। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को अपना स्क्रिप्ट राइटर बदलना चाहिए और कोई दूसरा बहाना तलाशना चाहिए। जीत और हार का फैसला जनता करती है।
संभाजीनगर में भाजपा चार सीटों पर आगे
संभाजीनगर में भाजपा 4 सीटों पर आगे है, शिवसेना (यूबीटी) 3 सीटों पर, कांग्रेस 1 सीट पर और अन्य पार्टियों ने 5 सीटों पर बढ़त बनाई है।पुणे में भाजपा चार सीटों पर आगे
पुणे नगर निगम में भाजपा ने 4 सीटों पर बढ़त बनाई है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) और अन्य पार्टियों का फिलहाल कोई कब्जा नहीं है। ठाणे में भाजपा ने 15 सीटों पर बढ़त हासिल की है। नागपुर में भी भाजपा ने 12 सीटों पर बढ़त बनाई है। नासिक में किसी भी पार्टी की बढ़त नहीं देखी गई।
बीएमसी में भाजपा 35 सीटों पर आगे
स्थानीय निकाय चुनावों के ताजा रुझानों में भाजपा और शिवसेना (यूबीटी) की मजबूती दिखाई दे रही है। बीएमसी में भाजपा ने 35 सीटों पर बढ़त बनाई है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) 24 सीटों पर आगे है। कांग्रेस और एनसीपी फिलहाल किसी भी सीट पर नहीं दिख रही हैं।
बीएमसी में भाजपा गठबंधन को बढ़त
बीएमसी चुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार को मुंबई के विभिन्न काउंटिंग सेंटरों में शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 12 वार्डों में बढ़त बनाई है। इन नतीजों से 227 सदस्यीय बीएमसी के गठन का फैसला होगा।