Live
Rajasthan Assembly Session Live: रोहित बोहरा पर कार्रवाई की मांग पर गर्माया माहौल, स्पीकर ने किया हस्तक्षेप
Rajasthan Assembly Session Budget Debate Live Updates : शून्यकाल के दौरान बीजेपी विधायक श्रीचंद कृपलानी ने रोहित बोहरा के अमर्यादित आचरण को लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
लाइव अपडेट
अपने ही विधायक के सवाल से घिरे मंत्री
प्रश्नकाल के दौरान निजी विश्वविद्यालयों में फर्जी डिग्री के मुद्दे पर भाजपा विधायक कालीचरण सराफ ने सरकार से पूछा कि फर्जी डिग्री प्रकरणों में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और दोषियों पर सख्त कदम कब उठाए जाएंगे। सरकार की ओर से जवाब देते हुए डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि निजी विश्वविद्यालयों में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए नियामक आयोग (रेगुलेटरी कमीशन) गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित आयोग का उद्देश्य फर्जी डिग्री रैकेट पर रोक लगाना और निजी विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली की निगरानी करना है।
इस पर विधायक सराफ ने सवाल दागा कि दो साल निकल गए, कार्रवाई कब करोगे? सरकार के ही विधायक द्वारा किए गए इस सवाल के बाद सदन का माहौल गरमा गया।
मंत्री ने जानकारी दी कि 10 निजी विश्वविद्यालयों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। गंभीर आरोपों के बाद ओपीजेएस यूनिवर्सिटी को 7 जनवरी 2026 को परिसमापन में भेज दिया गया है और बीकानेर संभागीय आयुक्त को प्रशासक नियुक्त किया गया है। मेवाड़ यूनिवर्सिटी सहित अन्य संस्थानों में भी गिरफ्तारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 53 निजी विश्वविद्यालय संचालित हैं। जिन संस्थानों की जांच चल रही है, उनमें सिंघानिया, सनराइज, श्रीधर, माधव, रैफल्स, निर्वाण, यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी जयपुर और जेजेटी यूनिवर्सिटी शामिल हैं। एसओजी की सिफारिश पर कई मामलों में विस्तृत जांच की जा रही है।
बैरवा ने कहा कि राजस्थान प्राइवेट हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेटरी अथॉरिटी बिल को और सशक्त बनाने के लिए नई समिति गठित की गई है। आयोग के गठन का ड्राफ्ट जल्द ही विधि विभाग को भेजा जाएगा और इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तैयार किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रोहित बोहरा पर कार्रवाई की मांग
शून्यकाल के दौरान सदन में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा पर गंभीर आरोप लगाए। कृपलानी ने कहा कि कल की कार्रवाई के दौरान बोहरा ने ऐसा इशारा किया, जिसे वे सदन में दोहरा भी नहीं सकते। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि ऐसे सदस्य को विधानसभा में रहने का अधिकार नहीं है संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी इस मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और अनुचित आचरण पर सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
वहीं कांग्रेस की ओर से सचेतक रफीक खान ने कहा कि पहले भी उनके खिलाफ कठोर शब्दों का प्रयोग हुआ था और उस समय जैसी कार्रवाई की गई थी, वैसी ही प्रक्रिया इस मामले में भी अपनाई जानी चाहिए। इस दौरान भाजपा विधायकों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया। स्थिति को संभालते हुए स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि मामले में निर्णय वे स्वयं करेंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित वीडियो देखा जाएगा और यदि वह सदन की गरिमा के अनुकूल नहीं पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद-बीज वितरण मामले में जोरदार बहस
विधानसभा में सवाई माधोपुर जिले में खाद-बीज वितरण में लापरवाही के मुद्दे पर जोरदार चर्चा हुई। विधायक इंदिरा मीणा ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने और वितरण में अनियमितताओं का मामला उठाया।
इस पर मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की मांग को देखते हुए 3 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की है। डीलरों को निलंबित कर बाद में बहाल किए जाने के सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल संतोषजनक जवाब मिलने पर ही बहाली की गई है, जबकि गंभीर मामलों में दोषियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
बेढम की विपक्ष को नसीहत, बोले- मर्यादा बनाए रखें
विधानसभा सत्र के दौरान मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने सदन की गरिमा और आचरण को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने विधानसभा को लोकतंत्र का पवित्र मंच बताते हुए जनप्रतिनिधियों से मर्यादा बनाए रखने की अपील की। बेढम ने कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा को आत्मचिंतन की नसीहत देते हुए विपक्ष के व्यवहार को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वस्थ संवाद और जिम्मेदार रवैया जरूरी है।साध्वी प्रेम बाईसा मामले पर मंत्री ने कहा कि सरकार न्यायोचित और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। पेपर लीक प्रकरणों में दोषियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात भी दोहराई। अतिक्रमण और धार्मिक स्थलों को हटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार कानूनी पहलुओं का अध्ययन कर ही निर्णय लेगी।
Rajasthan Assembly Session Live: रोहित बोहरा पर कार्रवाई की मांग पर गर्माया माहौल, स्पीकर ने किया हस्तक्षेप
सदन में आज ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। विधायक कालीचरण सराफ ने जल जीवन मिशन (JJM) में वित्तीय और निर्माण संबंधी अनियमितताओं को लेकर प्रस्ताव लगाया है। वहीं विधायक चेतन पटेल ने पीपल्दा क्षेत्र में विमुक्त, घुमंतु और अर्ध-घुमंतु आवासविहीन लोगों को भूखंड/पट्टा आवंटन के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है।
इसके अलावा गृह विभाग की अधिसूचना सदन के पटल पर रखी जाएगी। उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ राजस्थान इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। वन मंत्री संजय शर्मा कैंपा प्राधिकरण राजस्थान का वार्षिक प्रतिवेदन रखेंगे।
समितियों के प्रतिवेदन भी आज सदन में रखे जाएंगे। पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति और पुस्तकालय एवं सरकारी आश्वासन समिति के प्रतिवेदन पटल पर रखे जाएंगे। बजट 2026 पर चर्चा आज भी जारी रहेगी, जिसमें सदन के सदस्य अपने विचार रखेंगे।