Live
West Asia Live: IRGC के खुफिया प्रमुख मारे गए, ईरानी मीडिया ने की पुष्टि; US-ईरान सीजफायर वार्ता अंतिम चरण में
Iran Israel US Conflict Live Updates: पश्चिम एशिया इस समय युद्ध की आग में धधक रहा है, जहां हालात हर घंटे और ज्यादा खतरनाक होते जा रहे हैं। ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच सीधी टक्कर अब भीषण रूप ले चुकी है। 37वें दिन में प्रवेश कर चुके इस संघर्ष में मिसाइल हमले, धमाके और जवाबी कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। शहरों में दहशत का माहौल है, लोग सहमे हुए हैं और हालात नियंत्रण से बाहर जाते दिख रहे हैं, जिससे बड़े युद्ध का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
लाइव अपडेट
ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रमुख मारे गए
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के खुफिया संगठन के प्रमुख, मेजर जनरल सैयद मजीद खादेमी को अमेरिका-इस्राइल के कथित हमले में मार दिया गया। IRGC की आधिकारिक घोषणा के अनुसार, खादेमी की मौत अमेरिकी-इस्राइली दुश्मन द्वारा किए गए आतंकवादी हमले में हुई। घटना की और कोई विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।ट्रंप आज रात 10:30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार को अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर 1 बजे (भारत में रात 10:30 बजे) व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।ईरान पर हवाई हमले तेज
सोमवार को इस्राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों की श्रृंखला में ईरान में 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में तेहरान ने इस्राइल और उसके खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों पर मिसाइलें दागीं। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दी गई समयसीमा नजदीक आ गई है।तेहरान में रातभर विस्फोटों की आवाजें गूंजती रहीं और राजधानी के ऊपर घंटों तक नीचे उड़ान भरते लड़ाकू विमानों की आवाज सुनाई देती रही। एक हमले में शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आजादी चौक के आसपास काले धुएं का गुबार उठता देखा गया।
इस्राइली अधिकारियों के अनुसार, हाइफा में एक रिहायशी इमारत के मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। इसी दौरान सोमवार तड़के ईरान की ओर से उत्तरी इस्राइल पर नए मिसाइल हमले भी किए गए।
तेहरान प्रांत में अमेरिकी-इस्राइली हमले
ईरान की राजधानी तेहरान प्रांत में अमेरिकी और इस्राइली हमलों के दौरान चार लड़कियों और दो लड़कों समेत छह बच्चों की मौत हो गई। यह जानकारी ईरानी मीडिया एजेंसी फार्स न्यूज ने दी। रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला बहारेस्तान काउंटी के एक रिहायशी इलाके पर हुआ था, जहां पहले हुए हमले में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।इस्राइली सेना ने घोषणा की कि तेहरान में सरकारी ढांचे पर हमलों की एक लहर पूरी कर ली गई है। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी तेहरान में चार और बहारेस्तान काउंटी में 13 लोगों की मौत हुई है।
हाइफा पर ईरानी मिसाइलों से हमला
इस्राइल के उत्तरी शहर हाइफा में ईरानी मिसाइलों का हमला हुआ। चैनल 12 के मुताबिक, शहर के 10 से अधिक स्थानों को निशाना बनाया गया। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुए। वीडियो और तस्वीरों में इमारतों और सड़कों को मामूली नुकसान पहुंचा और एक कार में आग लगने की जानकारी सामने आई।दक्षिण कोरिया भेजेगा विशेष दूत
दक्षिण कोरिया पश्चिम एशिया से कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सऊदी अरब, ओमान और अल्जीरिया में विशेष दूत भेजने की योजना बना रहा है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद आन डो-गेल ने बताया कि तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत पांच कोरियाई ध्वज वाले जहाज सऊदी अरब भेजे जाएंगे। दक्षिण कोरिया अपनी लगभग सभी ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए पश्चिम एशिया पर निर्भर है और यहां से करीब 70 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है।ईरान युद्धविराम की कोशिशें तेज
ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच 45 दिन के संभावित युद्धविराम को लेकर कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। एक्सियोस न्यूज़ आउटलेट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ देशों के बीच इस प्रस्ताव पर गंभीर बातचीत चल रही है, जिसे युद्ध खत्म करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, ये वार्ताएं पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की की मध्यस्थता में हो रही हैं। साथ ही, दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीधे संदेशों के जरिए भी संवाद जारी है।ईरान समर्थित मिलिशिया ने इराक में अमेरिकी दूतावासों पर हमले किए
इराक में ईरान से जुड़े मिलिशिया समूहों ने अमेरिकी कूटनीतिक केंद्रों और अधिकारियों पर रात में दो हमले किए। यह जानकारी सीएनएन ने अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता के हवाले से दी। अमेरिका ने इन हमलों को भयानक आतंकवादी हमले करार दिया और इराक की सरकार से तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया। विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका अपने कर्मचारियों और दूतावास की सुरक्षा के लिए किसी भी कदम से पीछे नहीं हटेगा।
सीएनएन के अनुसार, हाल के हमलों के स्थानों का विवरण अभी नहीं दिया गया है। पहले से ही, बगदाद में अमेरिकी दूतावास, अर्बिल में कांसुलेट जनरल और बगदाद डिप्लोमैटिक सपोर्ट सेंटर को कई बार निशाना बनाया जा चुका है। अमेरिकी विदेश विभाग ने हमलों की जानकारी देने वाले को 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक इनाम देने की घोषणा भी की है।
यूएई की वायु रक्षा मिसाइल और ड्रोन हमलों का कर रही सामना
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा है कि देश की वायु रक्षा प्रणाली हाल ही में आए मिसाइल और ड्रोन खतरे का मुकाबला कर रही है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा कि आकाश में सुनाई दे रहे आवाज़ें रक्षा प्रणाली द्वारा किए जा रहे इंटरसेप्शन (हमलों को रोकने) के कारण हैं। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देश अपनी सुरक्षा के लिए सतर्क है और सभी खतरों का जवाब दे रहा है।
इस्राइली हवाई हमले में लेबनान के एइन सादेह में तीन की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राजधानी बेरूत के पूर्व में स्थित एइन सादेह पर इस्राइल के हवाई हमले में कम से कम तीन लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि इलाके में नुकसान की जांच जारी है। यह हमला क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है और स्थानीय सुरक्षा बल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।