MP Crime: बड़वानी में दशहरे की रात मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ हुआ था सामूहिक दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार
बड़वानी शहर पुलिस ने शहर में दशहरा की रात हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा कर दिया है। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है, आरोपी एक ही मोहल्ले के निवासी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बड़वानी में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने घर के बाहर बैठी एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती को साथ ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिए। युवती जब अगले दिन अपने घर पहुंची, तब उसके कपड़े और शरीर पर लगे चोट के निशान देखने के बाद परिजनों को उसके साथ हुए इस कृत्य की आशंका हुई, जिसके बाद वे उसे लेकर शिकायत दर्ज करने थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने छानबीन के बाद तीन युवकों को गिरफ्तार कर रविवार देर शाम इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
बड़वानी पुलिस ने शहर में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवति के साथ दशहरा की रात हुए एक गैंगरेप मामले का खुलासा रविवार देर शाम किया। पुलिस को 27 अक्तूबर को दुष्कर्म पीड़ित युवती की बहन ने थाने आकर बताया कि उसकी बड़ी बहन का मानसिक संतुलन बिगड़ने से बातचीत नहीं कर पाती है। इसलिये वह कभी-कभी रात में घर से बाहर निकलकर ओटले पर बैठ जाती है। लेकिन दशहरा त्योहार की रात करीब 2.30 बजे उसकी नींद खुलने पर उसकी बड़ी बहन घर में या बाहर ओटले पर भी नहीं दिखी। लेकिन अगले दिन 25 अक्तूबर की दोपहर करीब तीन बजे उसकी बहन पैदल-पैदल घर आई, तब उसके शरीर के कपड़े बदले हुए थे और वह साड़ी पहने हुई थी। जबकि रात में सोते समय वह लैगी और टाप पहनी थी। साथ ही उसकी पीठ पर चोंट और खरोंच के निशान भी दिखे।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
ऐसे में युवती के परिजनों ने उसे साथ ले जाकर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जहां पुलिस ने भी अपनी चुनावी व्यस्तता के बावजूद तत्परता दिखाते हुए युवती की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की, जिसमें क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरा में आरोपी युवक देर रात युवती को ले जाते दिखे। इस दौरान कैमरा रिकार्डिंग के आधार पर कोली मोहल्ला नवलपुरा, बड़वानी के रहने वाले तीन युवकों जिनमे 19 वर्षीय अरुण उर्फ नितीन पिता अखिलेश चौहान, 20 वर्षीय सुमित पिता सुनिल चौहान और राहुल पिता ज्ञानु उर्फ ज्ञान सिंह बामनिया हैं। इन सभी को अभिरक्षा में लेकर पुलिस ने पूछताछ की, जिसके बाद इन तीनों आरोपियों ने उस युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने इस तरह दिया घटना को अंजाम
इधर, मामले का खुलासा करते हुए बड़वानी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल पाटीदार ने बताया कि पुलिस को 27 तारीख को सूचना मिली थी कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त लड़की सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। उसके परिजनों ने आकर पुलिस को बताया तो पुलिस ने घटना की तुरंत रिपोर्ट दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की और लड़की का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें से गली के नुक्कड़ की एक दुकान के फुटेज से सामने आया कि एक लड़का इस लड़की को धक्का देकर ले जा रहा है, और उसके बाद आगे जाकर दो लड़के और उसके साथ हो जाते हैं, जिसको लेकर पुलिस ने छानबीन की तो दो आरोपी पकड़े गए। जिन्होंने कबूला कि उन्होंने इस लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है और इसमें एक और आरोपी अरुण भी साथ था, जिसके बाद उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस तरह से गैंगरेप के मामले को पुलिस ने तत्परता से पर्दाफाश किया।
हालांकि, इलेक्शन के चलते पुलिस अधिक व्यस्त थी, जिसके बावजूद भी इस घटना का त्वरित पर्दाफाश किया गया। अनिल पाटीदार ने यह भी बताया कि घटना से पहले आरोपी बहुत अधिक शराब पीए हुए थे और इस दौरान मानसिक रूप से विक्षिप्त यह लड़की उन्हें घर के बाहर बने ओटले पर बैठी हुई दिखाई दी, जिसको ये साथ ले गए और उसके साथ इस घटना को अंजाम दिए। हालांकि आरोपियों का अभी तक पूर्व का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस की जांच इस मामले में अभी जारी है। गैंगरेप जैसी घटना पर त्वरित कार्रवाई करने पर बड़वानी एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार की भी घोषणा की।
