भोपाल में दर्दनाक कांड: पहले परिवार के चार लोगों का कत्ल, फिर ट्रेन के सामने कूदकर दी जान? पांच मौतों से सनसनी
मालीखेड़ी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है, जबकि परिवार के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। मृतकों में नरेंद्र की मां, पत्नी और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं।
विस्तार
राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में चार लोगों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है। वहीं परिवार के मुखिया का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती आशंका है कि नरेंद्र साहू ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या की और इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर जांच शुरू कर दी है।
घर में मिले मां, पत्नी और दो बच्चों के शव
मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। नरेंद्र की मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव मालीखेड़ी स्थित उनके घर में मिले। चारों के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: शहडोल: झिरिया में जंगली सूअर का शिकार कर झाड़ियों में छिपाया शव, हाथों में खून के निशान देखकर पकड़ा आरोपी
ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घर में चार सदस्यों की मौत और रेलवे ट्रैक पर नरेंद्र का शव मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि उसने पहले परिवार के सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इतनी बड़ी वारदात के पीछे क्या वजह रही। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौतों की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
