{"_id":"688366025ec519a3b5019e76","slug":"application-given-to-sp-by-family-in-mother-daughter-suicide-case-damoh-news-c-1-1-noi1223-3207096-2025-07-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Damoh News: मां-बेटी की रहस्यमयी मौत मामला, सीमा की मृत्यु के बाद फेसबुक पोस्ट किसने की? परिजनों के गंभीर आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Damoh News: मां-बेटी की रहस्यमयी मौत मामला, सीमा की मृत्यु के बाद फेसबुक पोस्ट किसने की? परिजनों के गंभीर आरोप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेतिया
Published by: दमोह ब्यूरो
Updated Fri, 25 Jul 2025 07:16 PM IST
विज्ञापन
सार
Damoh News: दमोह में सीमा पटेल और उनकी दो वर्षीय बेटी अंशू की कुएं में संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिली थी, जिसे आत्महत्या माना जा रहा था। लेकिन अब सीमा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट सामने आई, जिसने मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया।
सीएसपी को ज्ञापन देते परिजन
विज्ञापन
विस्तार
दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के सजियाहार गांव में दो दिन पहले मां-बेटी की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतका सीमा पटेल और उनकी दो वर्षीय बेटी अंशू की कुएं में संदिग्ध परिस्थिति में मिली लाश के बाद अब परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। शुक्रवार को सीमा के पिता विश्वनाथ पटेल ने ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
Trending Videos
फेसबुक पर हुई पोस्ट से खड़े हुए सवाल
सीमा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट सामने आई, जिसने मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया। परिजनों का कहना है कि सीमा की मौत की जानकारी मिलने से पहले ही उसके फेसबुक अकाउंट से पोस्ट की गई थी, जबकि उस समय वह लापता थी और बाद में उसका शव कुएं में मिला। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सीमा जीवित नहीं थी तो उसका फेसबुक अकाउंट किसने इस्तेमाल किया?
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Rewa News: पुलिस हिरासत में हथकड़ी पहने अपराधियों ने बनाई रील, चोरहटा थाना सवालों के घेरे में; जांच के आदेश
दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या का आरोप
सीमा के पिता विश्वनाथ पटेल ने बताया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि सीमा के पति निहाल भी मानसिक रूप से परेशान था और कुछ दिन पहले सास और ननद से विवाद के बाद उसने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इस मौत का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया और कारणों को छिपाने की कोशिश की गई।
भाई ने बताई रात की पूरी घटना
मृतका के भाई धीरू पटेल ने पुलिस को बताया कि घटना की रात वह अपनी बहन के घर ही था। रात 12 बजे तक सीमा उसके साथ थी, लेकिन इसके बाद उसकी ननद उसे अपने साथ सोने के लिए ले गई। तड़के 4:30 बजे ननद खुद धीरू के पास पहुंची और सीमा के बारे में पूछने लगी। जब घर में खोजबीन शुरू हुई तो पास के कुएं में मां-बेटी की लाशें उतराती मिलीं। इस दौरान धीरू ने अपने चाचा को सुबह पांच बजे फोन कर सूचना दी, लेकिन फेसबुक पर पोस्ट 5:30 बजे दिखी, जो घटना की टाइमिंग को लेकर संदेह उत्पन्न करता है।
पुलिस जांच के घेरे में ससुराल पक्ष
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि दामाद की आत्महत्या के बाद ससुराल वालों को डर था कि कहीं सीमा पुलिस में शिकायत न कर दे। इसी डर के चलते उन्होंने योजना बनाकर सीमा और उसकी बेटी की हत्या कर दी और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए फेसबुक अकाउंट से पोस्ट कर दी।
यह भी पढ़ें- Bhind: ‘मकान तोड़ देंगे और जान से मार देंगे’, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को जान से मारने की धमकी
पुलिस ने जांच शुरू की
एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि परिजनों का ज्ञापन प्राप्त हुआ है और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। विशेष रूप से फेसबुक पोस्ट को लेकर तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि पोस्ट कब और किस डिवाइस से की गई।
परिजनों ने दी चेतावनी
परिजनों ने कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो वे पथरिया थाने के सामने धरना देंगे। उनका कहना है कि इस मामले में निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और मृतकों को न्याय मिल सके।

कमेंट
कमेंट X