Damoh News: शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, युवती ने खाया जहर: पुलिस जांच में जुटी
दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश आने पर युवती ने पठानी मोहल्ला निवासी शहबाज खान पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक दैहिक शोषण करने, बाद में दूसरी युवती से संबंध बनाने और विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकालने के आरोप लगाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दमोह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक दैहिक शोषण करने, बाद में दूसरी युवती से संबंध बनाने और विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकालने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वहीं, हिंदू संगठनों ने भी अस्पताल पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बेहोशी की हालत में मिली युवती, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के अनुसार सोमवार रात युवती पठानी मस्जिद के पास बेहोशी की हालत में मिली थी। सूचना मिलते ही निर्भया मोबाइल में पदस्थ महिला आरक्षक सुष्मिता और प्रधान आरक्षक अनिल बसेड़िया मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
होश आने पर लगाए गंभीर आरोप
अस्पताल में होश आने के बाद पीड़िता ने बताया कि पठानी मोहल्ला निवासी शहबाज खान ने उससे शादी का वादा किया था। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे पर आरोपी ने लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए। बाद में युवक दूसरी युवती के संपर्क में आ गया।
पीड़िता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इन घटनाओं से मानसिक रूप से आहत होकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
पहले भी एसपी कार्यालय और सीएम हेल्पलाइन में कर चुकी थी शिकायत
युवती का कहना है कि उसने आरोपी के खिलाफ पहले भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो उसे इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।
मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर जुटाए जा रहे साक्ष्य
पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवती के पास से एक मोबाइल फोन, कुछ दस्तावेज और अन्य कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस इन सामग्रियों के आधार पर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
बताया जा रहा है कि मोबाइल में मौजूद चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है, ताकि लगाए गए आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा सके।
अस्पताल पहुंचे हिंदू संगठन, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
संगठन पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि मामला लव जिहाद से जुड़ा हो सकता है। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, आरोपी की तलाश शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ प्रकरण कायम करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: दो घंटे चला री-क्रिएशन, CBI के सामने गिरिबाला-समर्थ ने उतारा त्विषा का 80 किलो वजनी डमी शव
सभी पहलुओं की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों, दस्तावेजों और पीड़िता के बयानों की पड़ताल के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

कमेंट
कमेंट X