दमोह में दरिंदगी का खौफनाक चेहरा: लोहे की रॉड से किशोर की कर दी हत्या, पत्नी को भी मार चुका है; अब गिरफ्तार
दमोह के समन्ना गांव में 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा की एक सिरफिरे आरोपी ने लोहे की रॉड और हथौड़े से हत्या कर दी। ग्रामीणों ने आरोपी गुड्डा पटेल को पकड़ लिया। 15 वर्ष पहले वह पत्नी की हत्या में जेल जा चुका है।
विस्तार
दमोह जिले के दमोह देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के समन्ना गांव में गुरुवार को मानवता को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक सिरफिरे व्यक्ति ने 16 वर्षीय किशोर की बेहद वीभत्स तरीके से हत्या कर दी। घटना के बाद सामने आए वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा निवासी 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा भाईदूज के अवसर पर अपनी बहन के घर समन्ना गांव आया हुआ था। गुरुवार को जब वह बाइक से वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही गुड्डा पटेल नामक व्यक्ति ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से भरत के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसने हथौड़े से उसके सिर पर कई प्रहार किए, जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की क्रूरता यहीं खत्म नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने मृतक का सिर फोड़ने के बाद बेहद अमानवीय हरकत करते हुए उसके शरीर के साथ घृणित कृत्य किया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों के होश उड़ गए।
ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा आरोपी
वारदात के दौरान आरोपी बेहद उग्र हो गया था और आसपास मौजूद लोगों पर भी हमला करने की कोशिश करने लगा। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच आरोपी खेतों की ओर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया और पत्थर मारकर उसे काबू में कर लिया। बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पढ़ें: राजवाड़े के ईर्द-गिर्द होने वाला आयोजन कैसे बना इंदौर की पहचान, रोचक रहा है इंदौरी गेर का इतिहास
15 वर्ष पहले पत्नी की भी कर चुका है हत्या
गांव के लोगों के अनुसार आरोपी गुड्डा पटेल का आपराधिक इतिहास रहा है। लगभग 15 वर्ष पहले उसने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से सिर काटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे अदालत ने सजा सुनाई थी और वह करीब 14 साल तक जेल में रहा। करीब एक वर्ष पहले ही वह जेल से छूटकर गांव लौटा था। बताया जाता है कि उसका एक बेटा भी है, जो उससे अलग गांव में ही रहता है।
कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेशी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच जिला न्यायालय में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पेशी के बाद न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। इस जघन्य वारदात के बाद समन्ना गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X