Damoh News: बोतराई हाई स्कूल के छात्र के रिजल्ट में गड़बड़ी, पहले बताया पास, फिर किया गया फेल; शिकायत दर्ज
Damoh: विद्यालय के अंग्रेजी शिक्षक मुकेश बढ़गैयां ने बताया कि गौरव अहिरवार मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी और गणित में फेल हुआ था, जिसके चलते उसने द्वितीय परीक्षा दी। परिणाम जारी होने पर पहले उसे पास दिखाया गया, लेकिन बाद में अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया।
विस्तार
दमोह जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत बोतराई हाई स्कूल में अध्ययनरत कक्षा 10वीं के छात्र गौरव अहिरवार के परीक्षा परिणाम में गंभीर त्रुटि सामने आई है। मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी और गणित विषय में अनुत्तीर्ण होने के बाद गौरव ने द्वितीय परीक्षा दी थी।
छात्र ने 30 जुलाई को माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल की वेबसाइट पर अपना परिणाम देखा, जिसमें उसे उत्तीर्ण बताया गया। उसने इस परिणाम का स्क्रीनशॉट भी लिया। हालांकि कुछ घंटे बाद जब उसने पुनः परिणाम देखा तो उसमें उसे अनुत्तीर्ण दिखाया गया।
गौरव ने इस संबंध में स्कूल के शिक्षकों को जानकारी दी, जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल को स्क्रीनशॉट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में छात्र के परिणाम में सुधार की मांग की गई है।
पढ़ें: आवेदनों की माला पहनकर भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने पर बैठे युवक, वीडियो हुआ वायरल
विद्यालय के अंग्रेजी शिक्षक मुकेश बढ़गैयां ने बताया कि गौरव अहिरवार मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी और गणित में फेल हुआ था, जिसके चलते उसने द्वितीय परीक्षा दी। परिणाम जारी होने पर पहले उसे पास दिखाया गया, लेकिन बाद में अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल के कुल 40 छात्र मुख्य परीक्षा में फेल हुए थे, जिनमें से 34 ने द्वितीय परीक्षा दी थी। इनमें से केवल 7 छात्र ही पास हुए हैं। कुछ अन्य छात्रों ने भी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की शिकायत की है। उनका भी कहना है कि पहले उन्हें पास बताया गया था, लेकिन बाद में फेल कर दिया गया। हालांकि उन छात्रों ने रिजल्ट का स्क्रीनशॉट नहीं लिया। अब यह फैसला माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल को करना है कि वास्तविक परीक्षा परिणाम क्या है और इसमें सुधार कैसे होगा।
गौरतलब है कि माध्यमिक परीक्षा में प्रत्येक विषय के लिए 100 अंक निर्धारित हैं, जिनमें से पास होने के लिए न्यूनतम 25 अंक आवश्यक हैं। द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए एक विषय पर ₹500 शुल्क निर्धारित है। दो विषयों में फेल होने पर ₹1000, तीन विषयों पर ₹1500 और चार या उससे अधिक विषयों के लिए अधिकतम ₹2000 शुल्क लिया जाता है।

कमेंट
कमेंट X