देवास सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से कार पलटी, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत; तेरहवीं से लौट रहे थे
देवास के भोपाल हाईवे पर नेवरी फाटा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से कार पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत हुई, जबकि एक गंभीर घायल है।
विस्तार
भोपाल हाईवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रात करीब 1:30 बजे नेवरी फाटा के पास हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने पीछे से कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार, मोहित (22) पिता दिनेश नागर निवासी ग्राम गुनाई (भौंरासा), शुभम (24) और प्रदीप (20) पिता राजेश नागर निवासी दूधलाई (सोनकच्छ), तथा उनका साथी सचिन निवासी सुल्पाखेड़ा (बरोठा) कार से सोनकच्छ जा रहे थे। वे मोहित के दादाजी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
इसी दौरान नेवरी फाटा के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोहित, शुभम और प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सचिन को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पढे़ं: एमपी से था आशा भोसले का गहरा रिश्ता, इंदौर की नमकीन और सीहोर का शरबती गेहूं था बेहद पंसद
परिजन विकास धाकड़ ने बताया कि हादसे की सूचना फोन पर मिली, जिसके बाद वे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक आपस में रिश्तेदार थे और शुभम व प्रदीप सगे भाई थे। कार मोहित चला रहा था और वाहन भी उसी का था। सभी युवक खेती का कार्य करते थे।
रविवार सुबह तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

कमेंट
कमेंट X