Dhar: पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर अफवाह, पंपों पर लगी भीड़; प्रशासन ने कहा- स्टॉक पर्याप्त परेशान न हों
धार जिले में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि प्रशासन ने पर्याप्त ईंधन स्टॉक होने की पुष्टि करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
विस्तार
अमेरिका- इजरायल और ईरान जैसे देशों के बीच तनाव के कारण गैस एवं ईंधन व्यापार प्रभावित होने की खबरों के बीच धार में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैल गई। मंगलवार देर रात आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में यह अफवाह तेजी से फैली, जिसके चलते लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए और लंबी कतारों में खड़े हो गए।
भीड़ बढ़ने पर पंप संचालकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाइश दी, लेकिन देर रात तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने भी जिले में पर्याप्त ईंधन स्टॉक होने की अपील जारी की, हालांकि इसका तत्काल असर नहीं दिखा।
बुधवार सुबह मांडू रोड स्थित पेट्रोल पंपों पर खुलने से पहले ही लोग दोपहिया वाहनों के साथ पहुंच गए। इसी तरह की स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिली। पेट्रोल भरवाने पहुंचे कैलाश शर्मा ने बताया कि उन्हें एक परिचित से सूचना मिली थी कि पेट्रोल मिलना बंद हो सकता है। जब वे पंप पर पहुंचे, तो सैकड़ों लोगों को लाइन में देखकर हैरान रह गए।
किसानों में ज्यादा चिंता
पेट्रोल खत्म होने और कीमत बढ़ने की अफवाह के चलते लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए बड़ी संख्या में पंपों पर पहुंचे। कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं, वहीं कुछ लोग केनों में भी पेट्रोल का स्टॉक करते नजर आए। किसानों में सबसे अधिक चिंता देखी गई। खेती-किसानी के लिए डीजल की जरूरत को देखते हुए कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पंपों पर पहुंच गए, ताकि भविष्य में किसी कमी से काम प्रभावित न हो।
ये भी पढ़ें- यहां अफवाहों से मचा हड़कंप: उज्जैन में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, प्रशासन ने कहा- ईधन की कोई कमी नहीं
प्रशासन ने भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली, जहां से पर्याप्त स्टॉक होने की पुष्टि की गई। सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्राहकों को सही जानकारी दें और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करें।
पंप संचालक रवि खंडेलवाल ने बताया कि बुधवार दोपहर तक टैंकर के माध्यम से तीन पंपों पर करीब 15 हजार लीटर पेट्रोल पहुंचाया जा रहा है। शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और किल्लत की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से की अपील
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। कई जगहों पर पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय होकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अपील की कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की बात कही।
जिले में पर्याप्त मात्रा में ईंधन का स्टॉक मौजूद है और विभागीय अधिकारी पंप संचालकों से लगातार संपर्क में हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X