Dhar News: 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, शरीर पर मिले चोट के निशान
धार जिले के पिपरियापानी गांव में 18 वर्षीय खन्नेश चौहान का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने शरीर पर चोटों, टूटी उंगलियों और अन्य संदिग्ध निशानों के आधार पर हत्या की आशंका जताई है। युवक सोमवार से लापता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले के बाग थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरियापानी गांव में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां महाकालेश्वर रोड पर 18 वर्षीय युवक का शव बबूल के पेड़ से बेल्ट के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान पिपरियापानी निवासी खन्नेश चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई बबलू चौहान ने बताया कि खन्नेश का शव जिस हालत में मिला, उससे यह आत्महत्या का मामला नहीं लगता। खन्नेश के शरीर पर कीटनाशक दवा छिड़की हुई थी। इसके अलावा, उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, दोनों उंगलियां टूटी हुई थीं और गुप्तांग पर भी चोट के निशान पाए गए।
ये भी पढ़ें-RajyaSabha Election Controversy: नटराजन मामले में चुनाव आयोग से मिले कांग्रेस नेता, बताया- फैसले पर होगा विचार
सोमवार शाम से था लापता
परिजनों के अनुसार, खन्नेश सोमवार शाम को बाग के साप्ताहिक बाजार गया था। वहां वह करकदा गांव निवासी अपने मित्र गोरधन मोरी और अन्य दोस्तों के साथ बाइक पर घूम रहा था। सोमवार शाम के बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिसके बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की। मंगलवार सुबह परिजनों ने बाग थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन दोपहर में उसका शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही पिपरियापानी गांव के सैकड़ों ग्रामीण और परिजन बाग थाने पहुंचे। उन्होंने खन्नेश की मौत को सोची-समझी हत्या करार देते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि खन्नेश के दोस्तों से गहन पूछताछ की जानी चाहिए, क्योंकि वह आखिरी बार उन्हीं के साथ देखा गया था। मृतक खन्नेश अपने परिवार में बेहद मददगार था। वह अपने पिता के साथ मजदूरी करने के साथ-साथ खेती-किसानी में भी हाथ बंटाता था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई और एक बहन है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीएम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई: पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम बाग अस्पताल में करा दिया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत के सही कारणों का वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से विवेचना कर रही है। यदि पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ तत्काल केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

परिजन पुलिस से चर्चा करते हुए

कमेंट
कमेंट X