सीमांकन और अवैध कब्जे हटवाने सांवेर एसडीएम के बाबू ने मांगी ढाई लाख रुपये रिश्वत, केस दर्ज
इंदौर जिले के सांवेर में जमीन के सीमांकन और अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू पर ढाई लाख रुपए मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
विस्तार
सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक बाबू के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने ढाई लाख रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने जमीन का सीमांकन कराने और अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। लोकायुक्त ने मोबाइल पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर शिकायत का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद शुक्रवार को आरोपी मनीष के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम हरियाखेड़ी, तहसील सांवेर में शिकायतकर्ता के परिवार की जमीन है। शिकायतकर्ता के पिता की मृत्यु के बाद यह जमीन उनकी मां कमलाबाई कुमावत के नाम पर है। जमीन का सही सीमांकन कराने और अवैध कब्जे हटवाने के लिए शिकायतकर्ता ने करीब एक साल पहले आवेदन दिया था, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद शिकायतकर्ता दोपहर करीब 2 बजे सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां उसकी मुलाकात एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष से हुई। आरोप है कि मनीष ने सीमांकन की कार्रवाई कराने के एवज में ढाई लाख रुपए की मांग की।
शिकायत मिलने पर लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने इसका सत्यापन कराया। मोबाइल पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी मनीष, बाबू, एसडीएम कार्यालय सांवेर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत केस दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

