यह भी पढ़ें...
Indore News: गड्ढे में मिली गैंगस्टर सलमान लाला की लाश बरामद, पुलिस मुठभेड़ में कई अपराधी पकड़ाए
पुलिस से बचने में जान गई
सलमान लाला का शव रविवार को सीहोर में इंदौर-भोपाल हाईवे किनारे पानी से भरे गड्ढे में मिला। उस पर एनडीपीएस और हत्या के प्रयास सहित 32 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। सोमवार सुबह भोपाल के हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी में पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस पर परिजनों का आरोप
परिजनों ने इंदौर पुलिस पर सलमान की हिरासत में हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सलमान तैराक था, वह पानी में डूब नहीं सकता। परिजनों ने समुद्र में तैरते हुए उसका एक वीडियो भी पेश किया और दावा किया कि उसकी मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या है।
फरार था एमडी ड्रग मामले में
क्राइम ब्रांच अफसरों के मुताबिक, सलमान लाला एमडी ड्रग केस में फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी। बताया गया कि सागर जेल से भाई को लेने के बाद रात करीब 2 बजे वह इंदौर-सीहोर हाईवे पर स्कॉर्पियो से आ रहा था। तब उसे रोका गया। पुलिसकर्मी उसे पकड़ने पहुंचे तो सलमान ने अंधेरे में छलांग लगा दी। दो दिन तक उसकी तलाश चलती रही और रविवार को शव पानी में तैरता मिला।
पुलिस पर हमला करने का इतिहास
सलमान लाला का पुलिस पर हमला करने का लंबा इतिहास रहा है। कुछ समय पहले खजराना में उसने क्राइम ब्रांच के एसआई पर पिस्टल तान दी थी, जिसके बाद उसकी जमकर पिटाई हुई थी। पुलिस को आशंका थी कि उसकी गाड़ी में अवैध हथियार मौजूद हैं और मुठभेड़ की स्थिति बन सकती है।
सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी का नेटवर्क
सलमान लाला ने उज्जैन के कुख्यात बदमाश दुर्लभ कश्यप की तरह नेटवर्क खड़ा कर रखा था। उसकी इंस्टाग्राम पर करीब दो दर्जन फर्जी आईडी उसके परिचित युवक-युवती चलाते थे। इन पर वह खुद को गैंगस्टर बताने और पुलिस कस्टडी के वीडियो साझा करने जैसी गतिविधियां करता था। क्राइम ब्रांच ने दो साल पहले कार्रवाई कर कई आईडी डिलीट कराई थीं।
मारपीट कर बनाता था वीडियो
डेढ़ साल पहले एमआईजी इलाके में सलमान ने एक युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अक्सर वह युवकों से मारपीट कर वीडियो बनाता और उन्हें सोशल मीडिया पर डालकर खौफ कायम करने की कोशिश करता था।
