Indore News: कर्बला मेले की अनुमति को लेकर समिति की महापौर से मुलाकात, अब तक नहीं मिली मंजूरी
इंदौर में करीब 200 वर्षों से आयोजित होने वाले कर्बला मेले को इस बार अब तक अनुमति नहीं मिल पाई है। कर्बला समिति द्वारा नगर निगम और महापौर को आवेदन दिए जाने के बावजूद मंजूरी नहीं मिलने से मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है और शहर में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर में मोहर्रम के दौरान कर्बला मैदान पर हर वर्ष मेला आयोजित किया जाता है, लेकिन इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मेले की अनुमति नहीं दी गई है। बता दें कि पिछले कई दिनों से कर्बला समिति द्वारा अनुमति के लिए इंदौर महापौर और नगर निगम को आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर मेला आयोजित होता था, उस जमीन को हाल ही में इंदौर नगर निगम ने न्यायालय के फैसले के बाद अपने अधिकार में ले लिया है। अब कर्बला मेले का आयोजन स्थल नगर निगम के अधीन है। इसी कारण कर्बला समिति ने मेले के आयोजन की अनुमति के लिए नगर निगम के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन नगर निगम अधिकारियों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा अब तक अनुमति नहीं दी गई है।
200 वर्षों से लग रहा था मेला
बताया जाता है कि करीब 200 वर्षों से इंदौर के कर्बला मैदान पर मोहर्रम के दौरान मेले का आयोजन होता आ रहा है। यह आयोजन लालबाग पैलेस के समीप स्थित खुले मैदान में होता था, जिसे धोबी घाट के नाम से भी जाना जाता है।
ये भी पढ़ें- भोपाल की लुटेरी गैंग पर कार्रवाई: राह चलते छीनते थे मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट से देते थे चकमा; चार गिरफ्तार
फिलहाल, इस बार कर्बला मेले को अनुमति नहीं मिलने के कारण इंदौर की राजनीति गरमा गई है। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं हैं कि आने वाले समय में इंदौर नगर निगम के चुनाव होने हैं और इसी को देखते हुए यह मुद्दा सियासी तूल भी पकड़ सकता है। क्या इसी कारण मोहर्रम के दौरान लगने वाले कर्बला मेले को अनुमति नहीं दी गई है? हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब पूरे मामले पर कर्बला मेला समिति आगे क्या कदम उठाती है? इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
