इंदौर: दोस्ती तोड़ी तो चाकू से गोद डाला, खून से लथपथ वैष्णवी तड़पती रही; बहन को अस्पताल भी नहीं ले जाने दिया
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में दोस्ती खत्म करने और बातचीत बंद करने से नाराज अभिषेक और निखिल पर वैष्णवी की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वारदात की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में दोस्ती खत्म करने और मोबाइल पर बातचीत बंद करने से नाराज दो युवकों द्वारा एक युवती की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को योजनाबद्ध तरीके से निखिल के प्राइम सिटी स्थित घर बुलाया गया, जहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर अभिषेक और निखिल ने उस पर चाकू से कई वार किए। युवती की हालत बिगड़ने के बावजूद आरोपियों ने उसकी छोटी बहन को उसे अस्पताल ले जाने से रोक दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका वैष्णवी की अभिषेक नामक युवक से दोस्ती थी। कुछ समय बाद वैष्णवी ने अभिषेक से बातचीत करना बंद कर दिया था। इससे नाराज अभिषेक उसके घर पहुंचा और उसे डराने-धमकाने लगा। इस घटनाक्रम की जानकारी वैष्णवी की छोटी बहन को मिली तो उसने अभिषेक के दोस्त निखिल को पूरी बात बताई।
पढ़ें: बा बागेश्वर की रथ यात्रा में पहुंचे मुस्लिम युवक सलमान खान, बोले- महाराज की शक्ति को प्रणाम करते हैं
इसके बाद निखिल ने वैष्णवी और उसकी छोटी बहन को प्राइम सिटी स्थित अपने घर बुलाया। वहां चाय-नाश्ते के बाद बातचीत के लिए अभिषेक को भी बुला लिया गया। घर पर चारों के बीच बातचीत के दौरान फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक और निखिल ने वैष्णवी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसे कई घाव आए और काफी खून बहने लगा।
वैष्णवी की हालत बिगड़ने पर घर में रखी हल्दी से उसके घावों पर प्राथमिक उपचार करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होती चली गई। उसकी छोटी बहन उसे तत्काल अस्पताल ले जाना चाहती थी, मगर आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे ऐसा नहीं करने दिया। बाद में गंभीर हालत में वैष्णवी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
