Jabalpur News: मदनमहल चौक हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; लड़की के विवाद में हुई थी हत्या
जबलपुर के मदनमहल चौक हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लड़की को लेकर विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या की गई थी।
विस्तार
जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित मदनमहल चौक के पास हुई ऋषभ राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात आपसी रंजिश और एक लड़की को लेकर विवाद के चलते हुई।
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च को घमापुर हनुमान टोरिया निवासी 15 वर्षीय रितिक जोगेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह कक्षा 10वीं का छात्र है और मृतक ऋषभ राजपूत उसका सहपाठी था। 27 मार्च को वह ऋषभ और अन्य दोस्तों के साथ कांचघर से बड़ी स्टेशन स्थित पंजाबी कॉलोनी गए थे।
रितिक ने बताया कि घमापुर की एक लड़की, जो पहले क्रिश नामक युवक से बात करती थी, बाद में उसने बेदीनगर निवासी यशराज पटेल से बातचीत शुरू कर दी। इसी बात को लेकर क्रिश और यशराज पटेल व उसके साथियों युवराज उर्फ युवी और अंशराज उर्फ अंशु धुर्वे के बीच विवाद चल रहा था।
फोन कर बुलाया, फिर किया हमला
पुलिस के अनुसार, यशराज ने क्रिश को फोन कर गढ़ा बुलाया था। जैसे ही क्रिश, ऋषभ और रितिक अपने साथियों के साथ मदनमहल चौक पहुंचे, यशराज और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। स्थिति भांपकर क्रिश और उसके कुछ साथी वापस लौट गए, लेकिन ऋषभ और रितिक वहीं रह गए।
ये भी पढ़ें- Monalisa Controversy: 'पहले वह रुद्राक्ष की माला बेचती थी, अब कलमा पढ़ रही', प्रवीण तोगड़िया ने कसा तंज
इसके बाद आरोपियों ने ऋषभ और उसके साथियों पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भागते समय आरोपियों ने पीछा कर ऋषभ पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रितिक के बाएं पैर की जांघ में भी चाकू मारकर उसे घायल कर दिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी यशराज उर्फ सोनू पटेल (21 वर्ष), अंशराज उर्फ अंशु धुर्वे (20 वर्ष), अमन कटारिया (20 वर्ष) और निखिल पटेल (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी गढ़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपी यशराज से घटना में प्रयुक्त चाकू, अंशराज से एक चाकू तथा वारदात में उपयोग की गई एक्सिस बाइक भी जब्त की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X