Sagar: मिशनरी स्कूल में धर्मांतरण की आशंका पर बवाल, चार घंटे चला हंगामा; पुलिस ने शुरू की जांच
सागर जिले के खुरई स्थित होली कॉन्वेंट स्कूल में धर्मांतरण की आशंका पर हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। स्कूल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार करते हुए धार्मिक अनुष्ठान बताया। पुलिस और शिक्षा विभाग मामले की संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सागर जिले की खुरई तहसील स्थित होली कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार देर रात धर्मांतरण की आशंका को लेकर हंगामा हो गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर नारेबाजी की और परिसर में प्रवेश कर आयोजन रोकने की मांग की। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात स्कूल परिसर में ईसाई समुदाय का एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और 'जय श्रीराम' व धर्मांतरण विरोधी नारे लगाए। इसके बाद कुछ कार्यकर्ता स्कूल परिसर में प्रवेश कर गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हंगामे के दौरान स्कूल परिसर में ठहरे लोगों से पूछताछ की गई। उनका कहना था कि वे लंबे समय से ईसाई धर्म का पालन कर रहे हैं। वहीं, कार्यकर्ताओं का आरोप था कि आधार कार्ड में दर्ज नामों को देखकर उन्हें धर्मांतरण की आशंका हुई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
पढे़ं: मृतकों की गरिमा से खिलवाड़ क्यों? कचरा वाहन से शव ले जाने पर उठे सवाल; सरकारी अस्पताल का वीडियो वायरल
स्थिति बिगड़ने पर देहात और शहरी थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराने और परिसर से बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीना एसडीओपी अजय कुमार सरकार, नायब तहसीलदार, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और बीआरसी भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान भीड़ के बीच पहुंचे ईसाई समुदाय के एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया।
स्कूल की प्राचार्या सिस्टर कैथरीन ने धर्मांतरण के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्कूल में तीन सिस्टर्स के 'नन' बनने का धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। उनके अनुसार, परिसर में ठहरे लोग नन बनने जा रही सिस्टर्स के परिजन और रिश्तेदार थे तथा धर्मांतरण जैसी कोई गतिविधि नहीं हो रही थी। बीना एसडीओपी अजय कुमार सरकार ने बताया कि पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
