{"_id":"688228e8753f8031f608c42e","slug":"a-blot-on-the-education-system-in-satna-childrens-government-books-were-weighed-and-sold-as-junk-a-big-revelation-in-cm-rice-school-satna-news-c-1-1-noi1337-3203466-2025-07-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Satna: शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल, बच्चों की किताबें कबाड़ में तौली गईं; CM राइज स्कूल का चौंकाने वाला मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Satna: शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल, बच्चों की किताबें कबाड़ में तौली गईं; CM राइज स्कूल का चौंकाने वाला मामला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना
Published by: सतना ब्यूरो
Updated Thu, 24 Jul 2025 10:07 PM IST
विज्ञापन
सार
Satna News: विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामनरेश पटेल ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कहा कि किताबें विमर्श पोर्टल के माध्यम से स्कूलों को प्रदान की जाती हैं और उनका इस तरह से उठाया जाना और बेचना पूरी तरह नियमों का उल्लंघन है।
पिकअप वाहन पर लादकर ले जाई जा रही थीं सरकारी स्कूल की किताबें
विज्ञापन
विस्तार
सतना जिले के उचेहरा स्थित सीएम राइज स्कूल से शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। बच्चों के शैक्षणिक भविष्य से जुड़ी सरकारी किताबों को कबाड़ समझकर रद्दी में बेच दिया गया। ये वही पुस्तकें थीं जिन्हें राज्य सरकार की ओर से छात्रों को निशुल्क वितरित किया जाना था। घटना का खुलासा तब हुआ जब सतर्क ग्रामीणों ने पिकअप वाहन में भरकर जा रही बोरियों को रोका और उनमें से किताबें निकलते देख हड़कंप मच गया।
Trending Videos
ग्रामीणों ने रोका वाहन, बोरियों से निकलीं सरकारी किताबें
स्थानीय लोगों को उस समय संदेह हुआ जब एक पिकअप वाहन में स्कूल से बोरियां लादकर ले जाई जा रही थीं। जब बोरियों को खोलकर देखा गया तो उनमें सीएम राइज स्कूल की पुस्तकें भरी थीं। ग्रामीणों ने तत्काल स्कूल प्रशासन से इस संबंध में सवाल किए और मामले को शिक्षा अधिकारियों तक पहुंचाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Indore News: मेघालय में हत्या की जगह पर राजा रघुवंशी के परिजनों ने की पूजा, भाई ने कही ऐसी बात
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने झाड़ी पल्ला
स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार शुक्ला ने खुद को इस घटनाक्रम से अलग बताते हुए कहा कि आज सुबह सर्किल प्रवीण आया था। उसी ने मुझसे चाबी ली और मध्यान्ह भोजन कक्ष में रखी किताबें उठाकर पिकअप में भर लीं। मुझे यह नहीं बताया गया कि किस आदेश पर ये किताबें उठाई जा रही थीं। उनकी यह सफाई सवालों के घेरे में है, क्योंकि बिना किसी लिखित आदेश के स्कूल से सामग्री कैसे हटाई जा सकती है।
शिक्षा विभाग में मची खलबली, शुरू हुई जांच
घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामनरेश पटेल ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कहा कि किताबें विमर्श पोर्टल के माध्यम से स्कूलों को प्रदान की जाती हैं और उनका इस तरह से उठाया जाना और बेचना पूरी तरह नियमों का उल्लंघन है।
यह भी पढ़ें- Mandsaur: नारकोटिक्स विंग की हिरासत में MD तस्कर की मौत, मारपीट के आरोप; पूर्व MLA ने की न्यायिक जांच की मांग
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए कार्रवाई के संकेत
सतना जिला शिक्षा अधिकारी कंचन श्रीवास्तव ने मामले की जांच शुरू करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटना बेहद गंभीर है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X