सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Shivpuri News ›   MP Crime News: Fraud in Guise of Sadhus Thieves Target Women in Shivpuri Kolaras Cash and Mangalsutra Looted

साधु के भेष में ठगी का खेल: शिवपुरी-कोलारस में महिलाओं से नगदी व मंगलसूत्र ले उड़े ठग; CCTV में कैद हुई घटना

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी Published by: शिवपुरी ब्यूरो Updated Mon, 09 Feb 2026 06:01 PM IST
विज्ञापन
सार

शिवपुरी जिले में साधु के वेश में आए ठगों ने महिलाओं को निशाना बनाया। शिवपुरी में पुलिसकर्मी की पत्नी से 7,500 रुपये और कोलारस में मंदिर से लौट रही महिला से मंगलसूत्र ठग लिया। 

MP Crime News: Fraud in Guise of Sadhus Thieves Target Women in Shivpuri Kolaras Cash and Mangalsutra Looted
शिवपुरी में ठगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

शिवपुरी जिले में इन दिनों साधु के वेश में सक्रिय ठगों का एक गिरोह महिलाओं को निशाना बना रहा है। दान मांगने और भविष्य बताने के बहाने यह गिरोह लोगों को बातों में उलझाकर नगदी और गहनों की ठगी कर रहा है। इसी कड़ी में शिवपुरी शहर और कोलारस क्षेत्र में दो अलग-अलग ठगी की वारदातें सामने आई हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Trending Videos

घरेलू समस्याएं बताकर महिला से 7,500 रुपये ठगे
पहली घटना शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित वर्मा कॉलोनी की है। यहां प्रधान आरक्षक प्रताप नारायण शर्मा के घर साधु के वेश में एक ठग पहुंचा और उनकी पत्नी से दान के रूप में आटे की मांग की। महिला ने आटा दे दिया। इसके बाद जब वह दक्षिणा देने लगी तो कथित साधु ने लेने से इंकार कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

इसी दौरान उसने महिला को उसके घर-परिवार और घरेलू समस्याओं से जुड़ी बातें बतानी शुरू कीं और समाधान का झांसा देकर 7,500 रुपये नगद ले लिए। ठग के जाने के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। पति के घर लौटने पर पूरे मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।


पढे़ं: 45 साल बाद 100 रुपये की गेहूं चोरी का हिसाब, फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में; जानें

21 कदम चलने का झांसा देकर मंगलसूत्र ले उड़े ठग
दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र में एसडीओपी कार्यालय के पास की है। कोलारस निवासी 50 वर्षीय उमा पत्नी पूरन परमार मंदिर दर्शन कर घर लौट रही थीं। तभी एक व्यक्ति ने खुद को अयोध्या से आया साधु बताते हुए बातचीत शुरू की।

कुछ देर बाद एक अन्य युवक वहां पहुंचा, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया। दोनों ने मिलकर महिला को विश्वास में लिया और उसकी व्यक्तिगत बातें बताने लगे। इसके बाद कथित साधु ने महिला से मंगलसूत्र उतारकर हाथ में रखने को कहा, यह कहते हुए कि “विद्या तभी काम करेगी।” मंगलसूत्र दूसरे ठग के हाथ में दिलवाकर महिला से कहा गया कि 21 कदम आगे चलो और पीछे मत देखो, हनुमान जी के दर्शन होंगे। जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों ठग बाइक से गुना की ओर फरार हो चुके थे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। कोलारस क्षेत्र के कैमरों में ठग बाइक से भागते हुए नजर आए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed