Sidhi News: शराब पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, नहर में मिला शव; हत्या की आशंका से गांव में मचा हड़कंप
Sidhi News: सीधी जिले में शराब पार्टी के बाद लापता युवक विष्णु केवट का शव बाणसागर नहर में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और पुराने विवाद को कारण बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीधी जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाणसागर नहर में एक युवक की लाश उतराती हुई मिली। मृतक की पहचान विष्णु केवट (32 वर्ष) पिता गंगा केवट, निवासी ग्राम पंचायत मझिगवां के रूप में की गई। बताया गया कि विष्णु 19 अक्तूबर की शाम से लापता था।
दोस्तों के साथ पी थी शराब, फिर नहीं लौटा घर
जानकारी के अनुसार, 19 अक्तूबर की शाम विष्णु अपने परिचितों प्रेम प्रकाश लोनिया और शानित केवट के साथ शरदा गांव गया था, जहां तीनों ने मिलकर शराब पी। देर रात तक विष्णु के घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। जब परिवार ने उसके साथियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद विष्णु घर चला गया था। इस जवाब से परिजनों का शक और गहरा गया। उन्हें आशंका हुई कि विष्णु की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया है। इसके बाद उन्होंने पिपराव पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
नहर में शव दिखते ही मचा हड़कंप
मंगलवार को ग्रामीणों ने बाणसागर नहर में एक शव उतराता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान विष्णु केवट के रूप में हुई। चौकी प्रभारी पिपराव शेषमणि मिश्रा ने बताया कि मृतक दो दिन से लापता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोविंदगढ़ अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- MP: अपहरण किया, मारा-पीटा फिर जबरन पिलाई पेशाब, मध्य प्रदेश से सामने आया दलित युवक के साथ बर्बरता का मामला
बहन ने लगाया हत्या का आरोप, पुरानी रंजिश की बात कही
मृतक की बहन साधना केवट ने आरोप लगाया कि उसके भाई की साजिशन हत्या की गई है। उसके अनुसार, दो साल पहले विष्णु का प्रेम प्रकाश और शानित से विवाद हुआ था। उसी रंजिश में दोनों ने उसे मारकर नहर में फेंक दिया। साधना ने कहा कि दो दिन पहले भी वे तीनों साथ में शराब पी रहे थे, इसके बाद विष्णु घर नहीं लौटा और अब उसकी लाश नहर में मिली।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
गांव के कुछ लोगों ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को ही प्रेम प्रकाश लोनिया और शानित केवट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को कहा था कि विष्णु जिंदा है, हम उसे लेकर आएंगे। हालांकि रात में पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। अगले ही दिन विष्णु का शव नहर में मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- भस्म आरती से पहले मौत: अचानक गिरा महाकाल भक्त... फिर न उठा, डॉक्टर ने बताया सच; कुछ घंटे पहले किया था यह काम
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
