सिंगरौली में सनसनी: हथियारों के दम पर बैंक कर्मचारियों को बनाया बंधक, फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए लाखों की लूट
सिंगरौली के बैढ़न में दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर फायरिंग की और कर्मचारियों-ग्राहकों को काबू में कर लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े बैंक लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। टॉकीज चौराहे के पास स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये लूट लिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश बैंक में घुसते ही कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के बल पर काबू में कर लिया। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई और कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों को जमीन पर बैठने के लिए मजबूर किया गया। बदमाश कुछ ही मिनटों में कैश लेकर फरार हो गए।
पढे़ं: अमानक बीज मामले में सख्ती, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के निर्देश पर नूनहेन्स कंपनी के खिलाफ FIR
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री मौके पर पहुंचे। पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी करते हुए नाकाबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई लूट से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X