Viral Video: सोनम वांगचुक के समर्थन में स्कूल परिसर में प्रार्थना, खंडवा के सरकारी स्कूल के प्राचार्य निलंबित
खंडवा के खालवा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्राओं से अपील कराने का वीडियो वायरल होने के बाद जांच हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वीडियो के साथ जांच में मिली अन्य अनियमितताओं के आधार पर प्राचार्य संदीप यादव को निलंबित किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के आदिवासी बहुल खालवा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल परिसर में सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्राओं से प्रार्थना और अपील करवाना स्कूल के प्राचार्य को भारी पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शासन ने ग्राम पटाजन स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य संदीप यादव को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले खालवा विकासखंड के ग्राम पटाजन स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में छात्राएं स्कूल परिसर में सोनम वांगचुक की तस्वीर हाथ में लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनका अनशन समाप्त कराने की अपील करती दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में छात्राएं कहती सुनाई देती हैं, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, हम सभी बच्चे आपसे निवेदन करते हैं कि आप सोनम वांगचुक जी की बात मान लीजिए और उनका जल्द से जल्द अनशन खत्म कराइए। हम सभी बच्चे सोनम वांगचुक जी का समर्थन करते हैं। वीडियो में ग्राम लंगोटी निवासी जयस संगठन के नेता अमरसिंह सिलाले भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि छात्राओं से यह अपील उन्हीं के कहने पर करवाई गई थी।
पढ़ें: नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, देवी अहिल्या की नगरी में छात्र झूमे
प्रशासन ने क्या कार्रवाई की
वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन के अनुसार, स्कूल में अन्य अनियमितताओं की शिकायतें भी मिली थीं। हरसूद एसडीएम ने जांच के लिए एक समिति गठित की। समिति ने जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर ऋषव गुप्ता को सौंपी। इसके बाद कलेक्टर ने रिपोर्ट इंदौर संभाग के आयुक्त को भेजी। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
शासन का पक्ष
घटना का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ा तो जिला प्रशासन ने शुक्रवार देर शाम प्रेस नोट जारी किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई केवल वायरल वीडियो के आधार पर नहीं की गई है, बल्कि जांच में सामने आई अन्य अनियमितताओं के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। खंडवा के एडीएम काशीराम बडोले ने भी इसकी पुष्टि की है।
