ह्यूंदै मोटर्स ने अप्रैल में अपनी मिड साइज एसयूवी क्रेटा के दामों में तकरीबन 20 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। वहीं कंपनी ने दाम बढ़ाने के बावजूद क्रेटा के सबसे सस्ते वैरिएंट के कुछ फीचर्स में कटौती भी की है। किआ की तरह ह्यूंदै ने भी सी- सेगमेंट एसयूवी क्रेटा को अपडेट किया है, जिसमें कुछ पुराने फीचर्स को हटाया गया है और कुछ नए फीचर शामिल किए गए हैं। माना जा रहा है कंपनी ने लागत कम करने के चलते ये फैसला लिया है। क्रेटा का बेस वैरिएंट लोगों में काफी पॉपुलर है और इसका वेटिंग पीरियड भी 32 हफ्ते तक का है। क्रेटा के बेस वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है।
Hyundai Creta: सबसे सस्ते वैरिएंट में अब नहीं मिलेंगे ये खास फीचर, बेहद मिस करेंगे ग्राहक
नहीं होंगे ये फीचर
ह्यूंदै ने टॉप मिड साइज एसयूवी नेक्स्ट जनरेशन क्रेटा को पिछले साल लॉन्च किया था। क्रेटा को पांच वैरिएंट्स E, EX, S, SX और SX (O) में उतारा गया था। वहीं अब कंपनी ने लेटेस्ट अपडेट में क्रेटा के बेस वैरिएंट E से कुछ फीचर हटाए हैं। इनमें सबसे अहम फीचर है कि अब बेस वैरिएंट में इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ORVMs नहीं मिलेंगे, उन्हें अब मैनुअली एडजस्ट करना पड़ेगा। इसके अलावा क्रेटा के विंग मिरर्स में अब टर्न इंडीकेटर लाइट्स नहीं मिलेंगी, जो अब फ्रंट फेंडर्स में दी गई हैं। इसके अलावा बेस वैरिएंट में अब लगेज लैंप और पैसेंजर सीट बैक पॉकेट्स भी नहीं दी जाएंगी।
ये फीचर हुए शामिल
क्रेटा के मिड स्पेसिफिकेशन वैरिएंट EX औऱ S में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले का फीचर मिलेगा। अभी तक इन फीचर्स को वायर के जरिए एक्सेस किया जाता था। इसके अलावा SX और SX (O) ट्रिम्स में बड़ी टचस्क्रीन यूनिट मिलेगी, साथ ही वेलकम ग्रीटिंग के साथ कनेक्टिविटी के लिए ओवर द एयर (ओटीए) अपडेट मिलेगा।
इसके अलावा नए इंफोटेनमेंट सिस्टम में वॉयस एक्टीवेटेड कमांड्स जैसे पावर विंडो कंट्रोल, कॉन्टैक्ट्स डिटेल्स सर्च और स्पोर्ट्स अप़ेट का फीचर मिलेगा। टॉप स्पेसिफिकेशंस वाले ट्रिम्स में रिमोट इंजन स्टार्ट, डेशबोर्ड पर सॉफ्ट पेंट का अपडेट भी दिया गया है।
मिलते रहेंगे ये फीचर
क्रेटा में कुछ फीचर्स को जस का तस रखा गया है। जैसे इसमें 7.0 इंच सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एलईडी हेडलाइट्स और टेललैंप्स, 10.25 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट, पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, वायरलेस फोन चार्जिंग, वेंटीलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरैमिक सनरूफ जैसे फीचर मिलते रहेंगे। इसके अलावा सेफ्टी फीचर्स में 6-एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, रिअर पार्किंग सेंसर्स और इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर मिलते हैं।
इंजन ऑप्शन
नई पीढ़ी की ह्यूंदै क्रेटा पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन में आती है। इसका 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन 115 बीएचपी की पावर और 144 एनएम का टॉर्क देता है। वहीं 1.5 लीटर डीजल इंजन भी यही पावर लेकिन 250 एनएम का टॉर्क देता है। क्रेटा में 1.4 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन भी आता है, जो 140 बीएचपी की पावर देता है। यही इंजन किआ सेल्टोस में भी दिया गया है। ये तीनों ही इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आते हैं, इसके अलावा विकल्प के तौर पर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन भी मिलता है। 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड सीवीटी, 1.5 लीटर डीजल इंजन के साथ टॉर्क-कन्वर्टर और 1.4 लीटर पेट्रोल य़ूनिट के साथ 7-स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन मिलता है।

कमेंट
कमेंट X