देश की लगभग सभी मौजूदा दोपहिया और चार पहिया वाहन हैजार्ड लाइट्स के साथ आ रही हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज भी कई लोगों को इनका इस्तेमाल करना नहीं आता है। लोग कभी भी इन्हें अपनी मनमर्जी से ही ऑन कर देते हैं। लेकिन इनका इस्तेमाल कुछ खास वजहों से ही होता है। यहां तक कि कुछ लोग रॉन्ग साइड में चलने के लिए भी इन्हें ऑन कर देते हैं। जानिए कैसे होता है इनका सही इस्तेमाल, नहीं तो कट सकता है चालान...
कार या बाइक की ‘इमरजेंसी’ लाइट्स के गलत इस्तेमाल पर लग सकता है जुर्माना, ये है सही तरीका
वाहन चालक कैसे करते हैं इस्तेमाल
भारत में चूंकि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना काफी आसान होता है, आलम यह है कि सालों से ड्राइविंग कर रहे लोग ट्रैफिक साइन बोर्ड तक को नहीं पहचानते। कई लोग तो गाड़ी खरीदने के बाद उनका मैनुअल तक नहीं पढ़ते। आपको सड़क पर हैजार्ड लाइट्स को इस्तेमाल करते ऐसे लोग भी मिल जाएंगे, जो सीधे जाने के लिए इनका प्रयोग करते हैं। वहीं लोग तेज ड्राइविंग के दौरान, तो कुछ कोहरे में इनका इस्तेमाल करते हैं।
क्या है इन लाइट्स का सही इस्तेमाल
जैसे कि इनके नाम से स्पष्ट है कि ये खतरे के समय ही इस्तेमाल की जाती हैं। लेकिन हैजार्ड लाइट्स का मुख्य काम यह बताना है कि सड़क पर वाहन स्थिर खड़ा है और उसकी वजह से यातायात में अस्थाई व्यावधान हो सकता है। सड़क पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त, पंक्चर होने या खराब होने के अलावा किसी भी आपात स्थिति में इन लाइट्स का इस्तेमाल होता है। अगर आप किसी वजह से रोड साइड गाड़ी खड़ी करते हैं तो इन्हें ऑन कर सकते हैं। हैजार्ड लाइट्स जब ब्लिंक करती हैं, तो सामने या पीछे से आ रहे वाहन चालक को पता चल जाता है कि आगे कोई आपात स्थिति है, ताकि वह अपना वाहन धीमे कर ले।
कब नहीं करें प्रयोग
जैसा कि पहले बताया गया है कि हैजार्ड लाइट्स को तब इस्तेमाल करना है जब आपकी गाड़ी स्थिर खड़ी हो। क्योंकि चलती गाड़ी में इसके प्रयोग से सामने आ रहा ड्राइवर कनफ्यूज हो सकता है और हादसे की वजह बन सकता है। कम दृश्यता यानी लो विजिबिलिटी वाली स्थिति जैसे कोहरे या रेज बारिश में आप गाड़ी के फॉग लैंप ऑन कर लें, अगर कार में फॉग लैंप नहीं हैं, तो लो बीम लाइट पर गाड़ी चलाएं, ताकि लाइट का फोकस सड़क पर रहे। वहीं कुछ गाड़ियां ऐसी भी आ रही हैं जिनमें तेजी से ब्रेक लगाने पर हैजार्ड लाइट्स अपने आप जल जाती हैं, ताकि पीछे आ रही गाड़ी सतर्क हो जाए। फॉक्सवैगन की गाड़ियों में इंडीकेटर्स में ही हैजार्ड लैंप होते हैं, ऐसे में जैसे ही इंडीकेटर ऑन करेंगे हैजार्ड लैंप बंद हो जाएंगे।
गलत इस्तेमाल पर कट सकता है चालान
शिलॉन्ग, मेघालय राज्यों की ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को चेतावनी जारी कर कहा है कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 177 के तहत हैजार्ड लाइट्स का गलत इस्तेमाल करने पर चालान काटा जा सकता है। उल्लंघन करने पर 500 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। शिलॉन्ग पुलिस ने बकायदा सोशल मीडिया पर इनके इस्तेमाल को लेकर दिशानिर्देश भी जारी किए थे।