देशभर के पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन (20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) के अनिवार्य होने के बाद से वाहन मालिकों के बीच माइलेज में कमी, इंजन के कल-पुर्जों को संभावित नुकसान और समय से पहले टूट-फूट को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। सरकार और वाहन निर्माताओं ने भले ही साल 2021 की एआरएआई (ARAI) रिपोर्ट का हवाला देकर इन चिंताओं को खारिज किया है। लेकिन सोशल मीडिया पर ग्राहकों के गुस्से का इजहार और शिकायतें कम नहीं हो रही हैं।
XP100: क्या होता है XP100 पेट्रोल? क्या यह सच में 100% इथेनॉल-मुक्त है और आप इसे अपनी गाड़ी में डाल सकते हैं?
देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच अब XP100 फ्यूल भी चर्चा का विषय बन गया है। E20 के इस्तेमाल के बाद कुछ वाहन मालिकों द्वारा माइलेज में कमी, पुराने इंजन के कुछ पुर्जों पर असर और घिसाव बढ़ने जैसी चिंताएं जताई गई हैं। ऐसे में कई उपभोक्ता वैकल्पिक ईंधन के रूप में XP100 की ओर भी ध्यान दे रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वास्तव में क्या है XP100 पेट्रोल और क्या यह सचमुच इथेनॉल-मुक्त है?
दिसंबर 2020 में लॉन्च किया गया XP100 देश की सबसे बड़ी सरकारी तेल उत्पादक कंपनी इंडियन ऑयल (Indian Oil) का एक बेहद प्रीमियम ईंधन है। इस ईंधन से जुड़े मुख्य बिंदु और उनकी व्याख्या नीचे दी गई है:
-
100% इथेनॉल-मुक्त ईंधन: बाजार में मिलने वाले सामान्य और प्रीमियम ईंधन (जैसे XP95 या पावर 95) पूरी तरह इथेनॉल-मिश्रित (E20) हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का 'पावर 95', इंडियन ऑयल का 'XP95 और XP99', भारत पेट्रोलियम का 'स्पीड 97' और शेल का 'V-Power' अब सभी 20% इथेनॉल वाले ईंधन बन चुके हैं। ऐसे में XP100 या पावर 100 ही एकमात्र ऐसे विकल्प हैं जो 100 ऑक्टेन रेटिंग के साथ आते हैं और पूरी तरह से इथेनॉल-मुक्त (इथेनॉल-फ्री) हैं।
-
ऑक्टामैक्स तकनीक से निर्माण: XP100 को इंडियन ऑयल द्वारा खुद विकसित की गई स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है। इसे 'ऑक्टामैक्स' (Octamax) प्रक्रिया के माध्यम से उत्पादित हाई-ऑक्टेन गैसोलीन का उपयोग करके बनाया जाता है, जो इसे बेहद खास और शुद्ध बनाता है।
-
पुरानी और विंटेज कारों के लिए सुरक्षा कवच: रिपोर्ट के अनुसार, पुरानी कारों और मूल्यवान क्लासिक (विंटेज) गाड़ियों के मालिकों के लिए XP100 एक बेहतरीन विकल्प है, भले ही थोड़ा महंगा हो। इथेनॉल-मुक्त होने के कारण यह पुराने इंजनों को इथेनॉल के संक्षारक प्रभाव (जंग) से पूरी तरह सुरक्षित रखता है।
XP100 ईंधन का उपयोग करने के क्या फायदे हैं?
इंडियन ऑयल के अनुसार, 100 ऑक्टेन रेटिंग वाला यह ईंधन वाहनों, विशेष रूप से हाई-एंड लग्जरी कारों, सुपरकार्स और सुपरबाइक्स के परफॉर्मेंस को कई गुना बढ़ा देता है। इसके फायदे इस तरह हैं:
-
बेहतर एंटी-नॉक गुण:
यह इंजन में होने वाली अनचाही खटखटाहट (नॉकिंग) को रोकता है। जिससे इंजन को अधिक पावर मिलती है और गाड़ी तेजी से एक्सेलरेट (पिक-अप) करती है। -
माइलेज और ड्राइविंग अनुभव में सुधार:
यह ईंधन गाड़ी के माइलेज को सुधारता है और ड्राइविंग के अनुभव को अधिक सुगम बनाता है। -
इंजन की लंबी उम्र:
इसके शुद्ध कंबशन (जलने की प्रक्रिया) के कारण इंजन के पार्ट्स पर दबाव कम पड़ता है। जिससे इंजन की लाइफ बढ़ जाती है।
XP100 पेट्रोल को लेकर आम उपभोक्ताओं के मन में क्या सवाल हैं?
1. भारत में XP100 की वर्तमान कीमत क्या है?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में XP100 की वर्तमान कीमत 167.35 रुपये प्रति लीटर है। जो इसे सामान्य पेट्रोल के मुकाबले काफी महंगा विकल्प बनाती है।
2. यदि मेरी गाड़ी 91 ऑक्टेन वाली है, तो क्या उसमें XP100 डालने से कोई नुकसान होगा?
इंडियन ऑयल के मुताबिक, XP100 पेट्रोल 91 ऑक्टेन के अनुकूल बनी सामान्य गाड़ियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा। बल्कि, इसके उपयोग से इंजन अधिक स्मूथ काम करेगा और माइलेज, कम उत्सर्जन व पिक-अप के मामले में बेहतर परफॉर्मेंस देगा। हालांकि, इसका पूरा फायदा केवल उन्हीं गाड़ियों में मिलता है जिनका इंजन कॉन्फ़िगरेशन (हायर कंप्रेशन रेशियो) इसके अनुकूल तैयार किया गया हो।
3. यदि हम 91 ऑक्टेन और 100 ऑक्टेन ग्रेड के पेट्रोल को आपस में मिला दें तो क्या होगा?
नई दिल्ली में मुख्यालय और मुंबई में पंजीकृत सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर स्पष्ट किया है कि दोनों ईंधनों को मिलाने से गाड़ी या इंजन को कोई नुकसान नहीं होगा। मिश्रण के बाद ईंधन की ऑक्टेन रेटिंग 91 से अधिक ही रहेगी, जिसके कारण गाड़ी का परफॉर्मेंस सामान्य 91 ऑक्टेन पेट्रोल की तुलना में अधिक स्मूथ और बेहतर होगा।
4. XP100 का उपयोग करने के बाद यदि हम वापस सामान्य 91 ऑक्टेन पेट्रोल पर आएं तो क्या कोई दिक्कत होगी?
XP100 के बाद वापस सामान्य या कम ग्रेड के 91 ऑक्टेन पेट्रोल पर लौटने से इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचता, क्योंकि देश की अधिकांश गाड़ियां न्यूनतम 91 ऑक्टेन को ध्यान में रखकर ही बनाई जाती हैं। इंडियन ऑयल का कहना है कि जितने समय तक आप गाड़ी में XP100 का इस्तेमाल करते हैं, यह उतने समय के लिए आपके फ्यूल सिस्टम और इंजन के अंदरूनी हिस्सों को साफ करने का काम भी करता है।
5. क्या XP100 के इस्तेमाल से गाड़ी की वारंटी पर कोई असर पड़ेगा?
इंडियन ऑयल के आउटलेट्स पर बिकने वाले सभी ईंधन ब्रांड्स (नॉर्मल पेट्रोल, एक्स्ट्राप्रीमियम और XP100) ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) के मानक 'IS2796-2017' की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। इसलिए, वाहन निर्माता कंपनियां इंजन की वारंटी देने से मना नहीं कर सकतीं। XP100 की ऑक्टेन रेटिंग बीआईएस मानकों से भी कहीं अधिक है, जो बीआईएस द्वारा अनुशंसित सामान्य तेल की तुलना में इंजन के भीतर ईंधन का कहीं अधिक और बेहतर दहन सुनिश्चित करती है।