पंजाब के मोगा जिले के गांव लंगेआणा खुर्द में गुरुवार की रात वायुसेना का मिग-21 विमान क्रैश हो गया। हादसे से पहले पायलट अभिनव चौधरी विमान से कूदे लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। उधर, घटनास्थल से विमान के पुर्जे और ब्लैक बॉक्स के चोरी होने की खबर है। गांव के सरपंच ने लोगों से इन पुर्जों को वापस देने की अपील भी की। अधिकारिक जानकारी के अनुसार यह मिग-21 विमान राजस्थान के सूरतगढ़ से ट्रेनिंग के लिए लुधियाना के जगरांव के पास शूटिंग रेंज पर आया था और वहां से अभ्यास के बाद विमान ने रात के समय वापस सूरतगढ़ के लिए उड़ान भरी।मोगा से कुछ दूरी पर पहुंचने पर पायलट को तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ। उन्होंने गांव लंगेआणा खुर्द और लंगेआणा पुराना के बीच रिहायशी क्षेत्र से करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों में विमान उतारने की कोशिश की। उड़ते विमान में आग लगने के कारण पायलट अभिनव चौधरी ने अपनी जान बचाने के लिए विमान क्रैश होने से पहले जहाज से नीचे छलांग लगाई और पैराशूट खोलने की कोशिश की।
मोगा में मिग-21 क्रैश: विमान का ब्लैक बॉक्स चोरी, सरपंच ने कहा- लोगों में फैली परमाणु बम फेंकने की अफवाह
हादसे से पहले पैराशूट तो खुल गया लेकिन वह उड़ नहीं पाया। इससे जमीन पर गर्दन के बल गिरने से पायलट चौधरी की मौत हो गई। अभिनव चौधरी जहां पर गिरे उससे करीब 500 मीटर दूर खेतों में विमान क्रैश हुआ और जमीन में करीब पांच फुट नीचे तक धंस गया। हादसे के वक्त जोरदार धमाका हुआ और करीब 100 फुट तक विमान के टुकड़े मिले। हादसे के करीब दो घंटे बाद मौके पर स्थानीय पुलिस और वायुसेना के अधिकारी पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। वायुसेना ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब तीन बजे पायलट अभिनव चौधरी का पार्थिव शरीर खोज पाई।
पुराने मिग को लेकर सरकार को कोस रहे लोग
इस दुखद घटना के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर शहीद पायलट अभिनव चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं खस्ताहाल मिग-21 विमान के उड़ाए जाने को लेकर लोग केंद्र सरकार को जमकर कोसा।
जोरदार धमाका होने पर सहमे गांववासी
गांव लंगेआणा पुराना के सरपंच सुखदेव सिंह ने बताया कि देर रात जब गांव में लगभग सभी लोग सो चुके थे तो एकदम से जोरदार धमाका होने पर गांव लंगेआणा समेत आसपास के गांवो में दहशत फैल गई। लोगों में अफवाह फैल गई कि खेतों में परमाणु बम फेंका गया है। जब कुछ गांववासी हिम्मत करके घटनास्थल पहुंचे तो विमान के जलते टायर और विमान का नुकीला हिस्सा देखकर उन्हें आभास हुआ कि यह बम विस्फोट नहीं बल्कि विमान क्रैश हुआ है।
हादसे के बाद चोरी हुए विमान के पुर्जे
हादसे के बाद विमान के पुर्जे दूर-दूर तक बिखरे पड़े थे। शुक्रवार की सुबह जब वायुसेना की टीम खेतों में विमान के पुर्जे खोज रही थी तो बहुत से पुर्जे टीम को घटनास्थल के इर्द-गिर्द नहीं मिले। इसके बाद सेना के अधिकारियों ने जब गांव के सरपंच से इस बारे में बात की तो सरपंच जगजीत सिंह ने गुरुद्वारा साहिब में एनाउंसमेंट कर गांववासियों को चेतावनी दी कि जो भी विमान के पुर्जे लेकर आया है, वह जल्द से जल्द वहीं पर जाकर रख दे।
सेना की टीम के पास ऐसा सिस्टम है कि वह खुद भी उक्त विमान के पुर्जे ट्रेस करके तलाश सकती हैं लेकिन अगर सेना की टीम ने खुद विमान के पुर्जे बरामद किए तो चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वही अब उन्हें एक मौका दिया जा रहा है कि वे खुद घटनास्थल के पास आकर विमान के पुर्जे रख दें। विमान में रखा गया ब्लैक बॉक्स भी चोरी हो गया है। जिसके चलते सेना की टीम में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि ब्लैक बॉक्स के बिना हादसे के कारणों का पता नहीं लग सकता।
