भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज जीतने के बाद कहा है कि इस साल होने वाले टी-20 विश्व कप में अभी समय है और टूर्नामेंट में हमारा बल्लेबाजी क्रम कैसा होगा इस बारे में चर्चा करना अभी जल्दबाजी होगी। अंतिम टी-20 मुकाबले में विराट कोहली का ओपंनिग पर उतरना खास रणनीति के तहत था।
विराट के साथ ओपनिंग को रोहित ने बताया रणनीति का हिस्सा, राहुल पर भी दिया बयान
इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें टी-20 मुकाबले में रोहित के साथ कप्तान विराट कोहली सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे थे। दोनों की जोड़ी इस मुकाबले में सफल रही थी तथा उनके बीच बनी साझेदारी के दम पर भारत ने विशाल स्कोर बनाया था। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी-20 को जीतकर सीरीज पर 3-2 से कब्जा जमाने के बाद कोहली ने कहा था कि वह आगे भी ओपनिंग करने के लिए तैयार हैं। हालांकि रोहित का कहना है कि टीम ने इस मुकाबले में जो बल्लेबाजी क्रम तय किया था इसका मतलब यह नहीं कि टी-20 विश्व कप के लिए इस बल्लेबाजी क्रम को हरी झंडी मिल रही है।
रोहित ने कहा, ‘इस मुकाबले में हमने अलग रणनीति अपनाई क्योंकि हम चाहते थे कि टीम में एक अतिरिक्त गेंदबाज खेले, इसके लिए किसी एक बल्लेबाज को बाहर होना था और दुर्भाग्य से वो बल्लेबाज लोकेश राहुल रहे। यह कठिन फैसला था।’ भारत ने खराब फॉर्म से गुजर रहे राहुल की जगह गेंदबाज टी नटराजन को शामिल किया था।
कप्तान की सोच पर निर्भर:
कोहली के अपने साथ ओपंनिग पर उतरने के बारे में कहा कि हमारे लिए मैच जीतना जरूरी होता है लेकिन कप्तान क्या सोचते हैं इस पर बहुत निर्भर करता है। यदि वह समझते हैं कि उन्हें मेरे साथ शुरुआत करनी चाहिए तो ऐसा भी होगा। हमने अभी टी-20 सीरीज खत्म की है आगे वनडे सीरीज होनी है लेकिन मुझे नहीं लगता कि विराट उसमें ओपनिंग पर उतरेंगे। विश्व कप से पहले आईपीएल है और मैंने सुना है कि टी-20 विश्व कप से पहले कुछ टी-20 मुकाबले भी होंगे।’
राहुल योजनाओं का हिस्सा
उन्होंने कहा, ‘हमें पता है कि सीमित ओवर के खेल में राहुल हमारे टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। मौजूद फॉर्म को देखते हुए टीम प्रबंधन ने सर्वश्रेष्ठ एकादश के साथ खेलने का फैसला किया लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि राहुल को देखा नहीं जा रहा है। यह बस एक मैच की बात थी।’
रोहित ने कहा, ‘जब हम टी-20 विश्व कप के करीब पहुंचेंगे तो हमें राहुल की क्षमता का पता चलेगा और हम समझ सकेंगे कि शीर्ष स्थान पर उनका योगदान कैसा रहा है।'