देशभर में एक बार फिर वैश्विक संक्रामक महामारी कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई राज्यों में हाल ही में संक्रमण के बेतहाशा बढ़े हैं। इसका कारण चाहे अब लॉकडाउन के दौरान जैसी सख्ती न होना हो या लोगों की मास्क न लगाने की आदत को लापरवाही कहा जाए है। लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर कई राज्यों में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों समेत तमाम शिक्षा संस्थानों को बंद किए जाने की स्थिति में पहुंचा दिया है।
कोरोना का कहर : कई राज्यों में स्कूल-कॉलेज फिर से बंद, जानिए- कहां और कब तक बंद रहेंगे?
- कई राज्यों में स्कूल, कॉलेज बंद किए गए
- ऐसे ही हालात केंद्र शासित प्रदेशों में भी हैं
उत्तर प्रदेश :
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण, उत्तर प्रदेश सरकार ने घोषणा की है कि कक्षा एक से आठवीं तक के लिए राज्य के सभी स्कूल 04 अप्रैल, 2021 तक बंद रहेंगे। पहले यह तिथि 31 मार्च, 2021 थी। इसे चार दिन और आगे बढ़ा दिया गया है।
मध्य प्रदेश :
बढ़ते COVID-19 मामलों के मद्देनजर, मध्य प्रदेश सरकार ने कक्षा एक से आठ तक के छात्रों के लिए सभी सरकारी और निजी स्कूल 15 अप्रैल, 2021 तक बंद करने का फैसला किया है। हालांकि, नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूल खुले रहेंगे, लेकिन कोरोना बचाव दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
पंजाब :
पंजाब सरकार ने मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों के अलावा अन्य सभी शैक्षणिक संस्थानों को 31 मार्च, 2021 तक बंद किया गया था, लेकिन अब 10 दिन और यानी 10 अप्रैल, 2021 तक के लिए स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है।
हिमाचल प्रदेश :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 04 अप्रैल, 2021 तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया है। बढ़ते हुए कोविड-19 मामलों को देखते हुए राज्य के सभी विश्वविद्यालय, कॉलेज और स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, वरिष्ठ कक्षाओं के लिए परीक्षा आयोजित करने वाले स्कूल खुले रहेंगे।
गुजरात :
कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए, गुजरात सरकार ने आठ नगरीय क्षेत्रों में स्थित स्कूल के लिए 10 अप्रैल, 2021 तक कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। इन आठ नगर निगमों में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, जामनगर, जूनागढ़, भावनगर और गांधीनगर शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ :
छत्तीसगढ़ सरकार ने अगली सूचना तक सभी स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। सरकार ने 21 मार्च, 2021 को ही 10वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वालों को छोड़कर सभी कक्षाओं के छात्रों को परीक्षा के बिना पदोन्नत करने की घोषणा कर दी थी।
तेलंगाना
तेलंगाना में मेडिकल कॉलेज को छोड़कर सभी शिक्षण संस्थानों (स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, गुरुकुल संस्थान) कोविड-19 मामलों में तेजी से वृद्धि को देखते हुए बंद कर दिए गए हैं। सरकार ने राज्य में शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने के कारण डिग्री, स्नातकोत्तर (पीजी) और अन्य कार्यक्रमों की सभी चल रही और निर्धारित परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
