मुंबई की सत्र अदालत ने बुधवार (20 अक्तूबर) को शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) और गौरी खान (Gauri Khan) के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) की जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने 14 अक्तूबर को इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था। सत्र अदालत में आर्यन की जमानत याचिका पर अब तक चार बार सुनवाई हुई, लेकिन उसे निराशा का ही सामना करना पड़ा। अब आर्यन की जमानत के लिए उसके वकील ने बॉम्बे उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। गौरतलब है कि मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज पर ड्रग्स की जानकारी मिलने के बाद एनसीबी ने दो अक्तूबर को छापेमारी की थी, जिसके बाद आर्यन को हिरासत में लिया गया था। अगले दिन यानी तीन अक्तूबर को एनसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
Aryan Khan Bail: एक्ट्रेस के साथ ड्रग्स चैट ने बढ़ाई आर्यन खान की मुश्किलें, कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका
अरबाज और मुनमुन की जमानत याचिका भी खारिज
मुंबई की अदालत ने सुनवाई के दौरान आर्यन खान के साथ-साथ ड्रग्स मामले के दो अन्य आरोपियों अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत अर्जी भी खारिज कर दी। ASG अनिल सिंह की दलील थी कि इस केस में 17 लोग शामिल हैं। ऐसे में आर्यन को राहत नहीं देनी चाहिए। जमानत मिलने के बाद आरोपी पक्ष गवाहों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकते हैं, क्योंकि ये प्रभावशाली लोग हैं। इसके अलावा सबूतों के साथ छेड़छाड़ की भी आशंका है।
आर्यन खान की जमानत याचिका पर मुंबई सत्र अदालत के जज वीवी पाटिल ने 14 अक्तूबर को सुनवाई की थी। इसके बाद उन्होंने 20 अक्तूबर तक फैसला सुरक्षित रख लिया था। उस दौरान आर्यन खान के वकील अमित देसाई ने उसकी गिरफ्तारी को बेबुनियाद बताया था।
आर्यन के पास से कुछ बरामद नहीं हुआ
आर्यन के पास से कुछ भी बरामद नहीं किया गया है लेकिन उसके दोस्त के पास से ड्रग्स मिले हैं। ऐसे में एनसीबी को शक है कि आर्यन ड्रग रैकेट का हिस्सा हो सकता है। आर्यन की चैट से एनसीबी को काफी कुछ जानकारी मिली है। हालांकि जिस दिन रेड पड़ी थी उस दिन ऐसी खबरें थीं कि आर्यन आंखों के लेंस रखने वाले बॉक्स में ड्रग्स छुपाकर ले गया था।
आर्यन खान फिलहाल मुंबई की आर्थर रोड जेल में हैं। आर्यन और अन्य लोगों की जेल में ड्रग्स से उबरने को लेकर काउंसलिंग भी की गई थी। जेल में काउंसलिंग के दौरान आर्यन खान ने कहा था कि वह आगे से ऐसा कोई भी काम नहीं करेगा, जिससे वह गलत वजह से चर्चा में आए। वह गरीबों की मदद के लिए भी काम करेगा। गौरतलब है कि आर्यन खान की गिरफ्तारी ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।