कोविड महामारी की दस्तक और उसके बाद लगे लॉकडाउन का असर फिल्म इंडस्ट्री पर भी रहा। करीब दो साल दर्शक सिनेमाघरों से दूर रहे। हालांकि सिने प्रेमियों के लिए यह साल शानदार रहा और वही पुरानी रौनक सिनेमाघरों में भी लौटी। इस साल कुछ स्टार्स ने लंबे ब्रेक के बाद बॉलीवुड में कमबैक भी किया है। दिलचस्प बात यह है कि ये सितारे अपने अभिनय से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। मगर, इस बार जब ये अपनी फिल्मों के साथ लौटे तो पहले वाला जादू नहीं चला पाए। कौन से हैं वो सितारे आइए जानते हैं
Bollywood Actors Comeback: पर्दे पर लंबे ब्रेक के बाद आए ये सितारे, नहीं चला पाए कोई जादू
रणबीर कपूर
अभिनेता रणबीर कपूर ने इस साल 22 जुलाई 2022 को फिल्म शमशेरा के साथ सिल्वर स्क्रीन पर वापसी की। अपनी इस फिल्म को लेकर वह जबरदस्त चर्चा में रहे, क्योंकि करीब चार साल बाद रणबीर पर्दे पर लौट। इससे पहले वह वर्ष 2018 में आई संजू में नजर आए थे, जो जबरदस्त हिट थी। मेकर्स और खुद रणबीर को उम्मीद थी कि शामशेरा बड़ा धमाका करेगी। इस फिल्म में रणबीर ने डबल रोल किया और काफी मेहनत भी की। लेकिन फिल्म जब रिलीज हुई तो दर्शकों ने नकार दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म करीब 150 करोड़ रुपये के बजट से बनकर तैयार हुई। वहीं इसके कलेक्शन की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने कुल 60.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि, रणबीर की 'ब्रह्मास्त्र' का जादू जरूर चला, लेकिन इसका सारा क्रेडिट रणबीर को नहीं दिया जा सकता, क्योंकि इसमें और भी कई नामी सितारे नजर आए। दूसरा फिल में वीएफएक्स कमाल के लगे। एक्टिंग के मामले में तो दर्शकों ने इस फिल्म में भी रणबीर को नकार ही दिया!
आमिर खान
अभिनेता आमिर खान भी एक लंबे ब्रेक के बाद 11 अगस्त 2022 को फिल्म लाल सिंह चड्डा के साथ लौटे। इस फिल्म में कई वर्षों की मेहनत लगी थी, फिर आमिर खान अपने आप में एक्टिंग का स्कूल माने जाते हैं। लेकिन बायकॉट की आंधी के बीच रिलीज हुई मिस्टर परफेक्शन की यह फिल्म लोगों पर असर नहीं कर पाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 180 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 133.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
ऋतिक रोशन
अभिनेता ऋतिक रोशन अपनी फिल्म विक्रम वेधा के साथ दर्शकों के बीच लौटे, लेकिन उनकी फिल्म का हाल तो इतना बुरा हुआ जितना उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा होगा। 30 सितंबर 2022 को रिलीज हुई इस फिल्म की ओपनिंग ही काफी खराब हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक (दस दिनों में) 69.54 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
