सब्सक्राइब करें

बाइस्कोप: विलेन बनकर अदाकारी के शिखर को चूमा आशुतोष राणा ने, अब भी डराता है गोकुल पंडित का ये किरदार

Pankaj Shukla पंकज शुक्ल
Updated Fri, 29 May 2020 09:35 PM IST
विज्ञापन
dushman movie this day that year series by pankaj shukla 28 may 1998 kajol ashutosh rana Mahesh bhatt
दुश्मन - फोटो : Social Media

इस साल वैलेंटाइंस डे से अगले हफ्ते रिलीज हुई धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म भूत पार्ट वन- द हॉन्टेड शिप का एक किरदार है, प्रोफेसर रघुवीर जोशी। जोशी इस कहानी में जो कर रहा है, वही काम 18 साल पहले आई फिल्म राज की कहानी में करते दिखे थे, प्रोफेसर अग्नि स्वरूप। किरदार अलग अलग। बीच में 18 साल का लंबा फासला। लेकिन, अभिनेता एक यानी आशुतोष राणा। इन दोनों किरदारों की चर्चा यहां इसलिए क्योंकि आज ही के दिन साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म दुश्मन से जिस आशुतोष राणा ने हिंदी सिनेमा में बतौर विलेन अपना पहला बड़ा कदम बढ़ाया, उस कलाकार के लिए हिंदी सिनेमा पिछले 18 साल से कोई दमदार रोल ही नहीं लिख सका है।



सोनचिड़िया, सिम्बा, मुल्क, शबनम मौसी, एलओसी कारगिल और हासिल जैसी फिल्में तो ठीक हैं, लेकिन फिल्म दुश्मन के गोकुल पंडित जैसा किरदार आशुतोष राणा के करियर में इस फिल्म के अगले ही साल संघर्ष में हुआ और फिर कभी नहीं हुआ। हिंदी सिनेमा में गब्बर सिंह, मौगेम्बो, लॉयन, शाकाल की गिनती का विलेन है गोकुल पंडित। ये उस दौर की फिल्म है जब भट्ट भाइयों की फिल्म फैक्ट्री फिल्म पर फिल्म छाप रही थी। सैटेलाइट टीवी चैनल घर घर पहुंच रहे थे। डीवीडी चलन में थी और लोग किसी भी अंग्रेजी फिल्म की नकल झट से पहचान लेते थे। लोगों को महेश भट्ट की इस कहानी में सैली फील्ड की फिल्म आई फॉर एन आई का अक्स दिखा, हालांकि इस फिल्म से अपना निर्देशन करियर शुरू कर रहीं तनूजा चंद्रा ने इस बात को कभी माना नहीं। हां, वह ऑन रिकॉर्ड ये जरूर कह गईं कि फिल्म दुश्मन में बलात्कार का सीन वाकई फिल्म आई फॉर एन आई में बलात्कार के सीन की हू ब हू कॉपी है।

Trending Videos
dushman movie this day that year series by pankaj shukla 28 may 1998 kajol ashutosh rana Mahesh bhatt
दुश्मन - फोटो : Social Media

बाइस्कोप में आज फिल्म दुश्मन की चर्चा की एक बड़ी वजह इस फिल्म में काजोल का किया दमदार अभिनय भी है। फिल्म में गोकुल पंडित इतना खूंखार इसीलिए दिखता है क्योंकि सोनिया उसके सामने एकदम निरीह लगती है। फिल्म दुश्मन की कहानी सोनिया और उसकी जुड़वा बहन नैना की है। नैना अपनी बहन की बलात्कार के बाद हुई हत्या कभी भूल नहीं पाती। और पुलिस नैना की हत्या में गोकुल पंडित का हाथ होने की बात साबित नहीं कर पाती। दोनों अपने अपने रास्ते बढ़ जाते हैं।

नैना की मुलाकात एक रिटायर्ड फौजी से होती है जो देख नहीं सकता। नैना उससे सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग लेती है। गोकुल पंडित फिर एक बार नैना का रास्ता काटता है। और, इस बार वह उसे घाट तक लाने का फैसला कर लेती है। वह उसके लिए पूरा जाल तैयार करती है और फंदे में उसका पैर आते ही डोरी खींच देती है। सोनिया और नैना के किरदारों के लिए काजोल और गोकुल पंडित के किरदार के लिए आशुतोष राणा दोनों को फिल्मफेयर पुरस्कारों में नामांकन मिला। लेकिन, पुरस्कार जीता आशुतोष राणा ने बेस्ट विलेन कैटेगरी में। इसके अगले साल भी आशुतोष राणा ने यही पुरस्कार फिर जीता फिल्म संघर्ष के लिए। निर्देशक इस फिल्म की भी तनूजा चंद्रा ही थीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
dushman movie this day that year series by pankaj shukla 28 may 1998 kajol ashutosh rana Mahesh bhatt
dushman - फोटो : social media

विशेष फिल्म्स ने हिंदी सिनेमा को कलाकार तो तमाम दमदार दिए ही हैं, निर्देशक भी इस कंपनी से खूब निकले। तनूजा चंद्रा की मां कमाल की लेखक रही हैं। राज कपूर की फिल्म प्रेम रोग उन्होंने ही लिखी। तनूजा की बहन अनुपमा लंबे समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उनके भाई विक्रम चंद्रा के लिखे उपन्यास पर ही मशहूर सीरीज सैक्रेड गेम्स बनी है। दुश्मन का निर्देशक बनने का मौका मिलने से पहले तनूजा ने महेश भट्ट के सहायक के तौर पर लंबे समय से काम किया। तमन्ना और जख्म जैसी फिल्मों में उनके लेखन का असर भी दिखता है।

गौरतलब बात ये भी है कि तनूजा चंद्रा ने भट्ट कैंप के विरोधी खेमे यानी यशराज फिल्म्स में भी काम किया है। यश चोपड़ा की फिल्म दिल तो पागल है भी उन्होंने उनके साथ मिलकर लिखी है। तनूजा चंद्रा के सिनेमा में विदेशी फिल्मों का असर साफ दिखता है। विदेशी फिल्मों से सीन उठाकर हिंदी फिल्में बनाने वाले निर्देशकों की लंबी फेहरिस्त रही है लेकिन हिंदी सिनेमा के दर्शकों का वैश्वीकरण होने का सबसे ज्यादा खामियाजा भी इन्हीं निर्देशकों को उठाना पड़ा। दुश्मन फिल्म का निर्देशन बेजोड़ है। लेकिन, इस फिल्म में मौलिकता की कमी ने तनूजा के करियर को आगे चलकर काफी नुकसान पहुंचाया।

dushman movie this day that year series by pankaj shukla 28 may 1998 kajol ashutosh rana Mahesh bhatt
दुश्मन - फोटो : Social Media

फिल्म दुश्मन अपनी कहानी की बजाय अपने कलाकारों के अभिनय और अपने संगीत के लिए ज्यादा याद की जाती है। फिल्म का एक गाना प्यार को हो जाने दो बहुत हिट हुआ। लता मंगेशकर ने इस गाने में कुमार शानू को शोहरत बख्शी तो फिल्म के ही एक और गाने आवाज दो हमको हम खो गए में उदित नारायण को भी उनके साथ गाने का मौका मिला। आनंद बक्षी के लिखे गीतों को उत्तम सिंह ने बहुत ही नफासत से कंपोज किया। जानकारी देने लायक बात यहां ये भी है कि उत्तम सिंह और जगदीश खन्ना ने मिलकर उत्तम-जगदीश के नाम से फिल्मों में संगीत देना शुरू किया था। मनोज कुमार के बेटे राजीव गोस्वामी की फिल्म पेंटर बाबू दोनों की बतौर संगीतकार पहली फिल्म थी। जगदीश के 1992 में निधन के बाद उत्तम सिंह ने अकेले म्यूजिक देना शुरू किया। फिल्म दिल तो पागल है में अपने संगीत की ताजगी का एहसास करा चुके उत्तम सिंह ने फिल्म दुश्मन में जगजीत सिंह की गाई गजल, चिट्ठी न कोई संदेस, जाने वो कौन सा देस, जहां तुम चले गए कंपोज करके जमाना जीत लिया।

विज्ञापन
dushman movie this day that year series by pankaj shukla 28 may 1998 kajol ashutosh rana Mahesh bhatt
दुश्मन - फोटो : Social Media

फिल्म दुश्मन को बनाने से पहले इसकी निर्देशक तनूजा चंद्रा को तमाम पापड़ बेलने पड़े। ये उनकी पहली फिल्म थी तो इसमें मेजर सूरज सिंह राठौड़ के रोल के लिए उस वक्त कोई कलाकार तैयार नहीं हो रहा था। महेश भट्ट के फोन करने पर शाहरुख खान ने भी ये कहानी सुनी और आमिर खान ने भी। लेकिन, फिल्म में काम करने को तैयार हुए तो सिर्फ संजय दत्त। बॉबी देओल और अरबाज खान तक ने ये रोल करने से मना कर दिया था। अजय देवगन ने भी इस फिल्म की कहानी सुनी थी लेकिन उस समय उनका पूरा फोकस फिल्म जख्म पर था जिसके लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला। जख्म की पटकथा लिखने में तनूजा चंद्रा ने महेश भट्ट की काफी मदद की। फिल्म दुश्मन की कास्टिंग पूरी करने में काफी वक्त लगा और इस दौरान इसके तमाम कलाकार बदलते रहे। मनोज बाजपेयी भी किसी वक्त इस कहानी के लिए साइन किए गए थे।

फिल्म में आशुतोष राणा को विलेन का किरदार मिलना उनके करियर की सबसे बड़ी किस्मत रही है, इस रोल के लिए उनसे पहले कम से कम तीन और कलाकारों का नाम पक्का हो चुका था। तब तक आशुतोष राणा टेलीविजन तो काफी कर रहे थे और फिल्मों में इक्का दुक्का रोल भी पा गए थे, लेकिन गोकुल पंडित जैसा किरदार मिलना उनके लिए टर्निंग प्वाइंट रहा। फिल्म दुश्मन की एक खास बात और। दरअसल फिल्म रिलीज के लिए तैयार हो रही थी और काजोल उन दिनों भारत में थी नहीं तो उनकी आवाज मशहूर डबिंग आर्टिस्ट मोना शेट्टी ने कई दृश्यों में डब की है, ये डबिंग इतनी कमाल की है कि कोई पकड़ नहीं पाया। जैसे कि कोई ये भी कभी पकड़ नहीं पाया कि फिल्म बीवी नंबर वन के कई दृश्यों में सलमान खान की आवाज सलमान खान की नहीं है। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल यानी 30 मई को बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

पढ़ें: बाइस्कोप: बीवी नंबर 1 में इसलिए सुष्मिता को छोड़ बदल गए सारे सितारे, अनिल कपूर ने इस वजह से की फिल्म

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed