‘मुझ को छांव में रखा और खुद भी वो जलता रहा, मैंने देखा इक फरिश्ता बाप की परछाईं में…’ एक अज्ञात शायर की यह चंद पक्तियां पिता के विराट अस्तित्व को बखूबी बयां करती हैं। आज पिता दिवस यानी फादर्स डे के मौके पर कई बॉलीवुड सितारे भी पिता के लिए अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं। भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

काजोल ने पिता और मां तनुजा की एक पुरानी तस्वीर साझा की है। फादर्स डे पर साझा की गई अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में वह लिखती हैं, ‘पुरानी तस्वीरें देखते हुए यह अहसास होता है कि मेरी हंसी में आप आज भी कितने जिंदा हैं। आपकी हर दिन याद आती है, पापा। हैप्पी फादर्स डे।’
हुमा कुरैशी ने तो अपने पिता के साथ कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं। एक इमोशनल कैप्शन भी वह लिखती हैं, ‘बचपन में हमें लगता था कि हमारे पापा के पास हर सवाल का जवाब है। फिर हम बड़े हुए और हमें अहसास हुआ कि वे भी चीजों को समझने और संभालने की कोशिश कर रहे थे। ऐसी जिम्मेदारियां निभा रहे थे जिन्हें हम समझ नहीं पाते थे। ऐसे त्याग कर रहे थे जिनके बारे में उन्होंने कभी बात नहीं की। हर दिन डटे रहे, तब भी जब जिंदगी आसान नहीं थी। इस सफर में कहीं न कहीं, आप अपने पापा को सिर्फ एक पिता के तौर पर नहीं बल्कि उस भूमिका के पीछे छिपे इंसान के तौर पर देखने लगते हैं। इससे सब कुछ बदल जाता है।’
ईशा देओल ने भी अपने इंस्टाग्राम पेज के स्टोरी सेक्शन में पिता धर्मेंद्र को याद करते हुए लिखा, ‘लव यू पापा।’ पिछले साल दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन हुआ था।
राजपाल यादव ने भी अपनी बेटियों के साथ प्यारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं। साथ ही कैप्शन लिखा है, 'मैंने जिंदगी में बहुत सारे किरदार निभाए हैं और आगे भी निभाता रहूंगा लेकिन 'पापा' का किरदार सबसे प्यारा, सबसे खास और हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा।'
अनन्या पांडे ने भी पिता चंकी पांडे के साथ एक पुरानी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की है। साथ ही लिखा है- हैप्पी फादर्स डे पापा।
करण देओल ने भी अपने पिता सनी देओल के नाम एक इमोशनल पोस्ट साझा की है। वह 'बंटवारा 1947' में सनी देओल के साथ अभिनय भी कर रहे हैं।
जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा ने भी फादर्स डे पर एक पुरानी तस्वीर साझा की है। इसमें जैकी श्रॉफ, टाइगर श्रॉफ और कृष्णा नजर आ रहे हैं।
संजय दत्त ने भी अपने पिता सुनील दत्त को याद करते हुए एक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा की है, इसके कैप्शन में वह लिखते हैं, 'पापा, मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। आपको बहुत याद करता हूं। काश आप यहां होते, आप मेरी ताकत हैं और हमेशा रहेंगे।'
'पुष्पा' फिल्म फेम और साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने भी अपने पिता के नाम फादर्स डे पर एक प्यार भरा मैसेज इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। वह लिखते हैं, 'मेरे पिता ही मेरे भगवान हैं। वे ऐसे भगवान हैं जिन्हें मैं देख सकता हूं, जिनकी आवाज सुन सकता हूं, जिनसे बात कर सकता हूं और जिन्हें छू सकता हूं और उन्होंने ही मुझे जिंदगी में लगभग सब कुछ दिया है। मेरे पापा और दुनिया के सभी प्यारे पिताओं को 'हैप्पी फादर्स डे'।'