करीना कपूर खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं। जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी उनकी पहली फिल्म रिफ्यूजी 30 जून 2000 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म से करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री ने बॉलीवुड में अपने 25 साल पूरे किए हैं। इसके उपलक्ष में हाल ही में करीना कपूर फेस्टिवल का एलान भी किया गया, जिसके तहत लोग उनकी शानदार फिल्मों का लुत्फ बड़े पर्दे पर उठा सकते हैं। करीना की इस खास उपलब्धि पर आज हम आपको कमाई के मामले में उनकी सबसे ज्यादा कामयाब फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं।
Kareena Kapoor: करीना कपूर की सबसे ज्यादा कामयाब फिल्में, शीर्ष पर नौ साल बाद भी काबिज है ये नाम
करीना कपूर खान की सबसे कामयाब फिल्म बजरंगी भाईजान है। इस फिल्म में वह सलमान खान के साथ नजर आई थीं। दर्शकों को उनकी अदाकारी खूब पसंद आई थी। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लोगों ने खूब सराहा था। साल 2015 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी। फिल्म ने टिकट खिड़की पर 320.24 करोड़ का कलेक्शन कर दिग्गजों को भी हैरान कर दिया था।
अक्षय कुमार के साथ ही करीना कपूर की जोड़ी पर्दे पर हिट रही है। 25 साल के करियर में उन्होंने खिलाड़ी कुमार के साथ कई फिल्मों में काम किया है। राज मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म गुड न्यूज भी उन्हीं फिल्मों में से एक है। यह फिल्म टिकट खिड़की पर बहुत कामयाब रही थी। इसमें दोनों के अलावा कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ भी नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 205.09 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी फिल्म थ्री इडियट्स को कल्ट फिल्म का दर्जा प्राप्त है। साल 2009 में आई इस फिल्म ने उस समय कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए थे। आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी के साथ करीना कपूर की अदाकारी ने भी लोगों के दिल जीत लिए थे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 202.47 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
सलमान खान की फिल्म बॉडीगार्ड में करीना कपूर ने मुख्य अभिनेत्री के रूप में काम किया था। फिल्म की कहानी दर्शकों के दिलों को छूने में कामयाब रही थी। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर 148.52 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।