ऐश्वर्या राय, इरफान खान, दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा, ओम पुरी, अनुपम खेर...हॉलीवुड में बॉलीवुड का नाम रौशन करने वाले एक्टर्स की लिस्ट लंबी है। लेकिन एक एक्टर ऐसा है जिसने अमेरिकी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी वो पहचान बना ली है कि उसे न सिर्फ एक के बाद एक हॉलीवुड फिल्मों के ऑफर्स मिल रहे हैं, बल्कि इंडस्ट्री के दिग्गजों के खास इवेंट्स के न्योते भी मिल रहे हैं।
हॉलीवुड दिग्गजों के बीच आज ये बॉलीवुड हीरो देगा खास स्पीच
अली फजल के सितारे इन दिनों बुलंद हैं। अभी उनकी हॉलीवुड फिल्म 'विक्टोरिया एंड अब्दुल' की चर्चाएं और उनकी एक्टिंग की तारीफों का शोर थमा भी नहीं था कि अब उनके रेज्यूमे में एक और खास उपलब्धि जुड़ने जा रही है। अली फजल पहले ऐसे भारतीय मूल के एक्टर बनने जा रहे हैं जिसने किसी भी हॉलीवुड इवेंट में कोई स्पीच दी हो। फजल शनिवार को लॉस एंजेलिस में आयोजित 7वें एनुअल हॉलीवुड कंटेन्डर्स में शिरकत करेंगे।
पढ़ें: दीपिका के फैंस के लिए खुशखबरी, जल्द ही इस हॉलीवुड फिल्म में भी आएंगी नजर
अली फजल इस समारोह में 'वंडर वूमन' गाल गैडोत के साथ मंच साझा करेंगे। इसके अलावा इस इवेंट में इंडस्ट्री की कई दिग्गज हस्तियां- गैरी ओल्डमैन, जैसिका भी स्पीच देंगी। लास एंजेसिल रवाना होने से पहले अली फजल ने बताया कि 7वें एनुअल हॉलीवुड कंटेन्डर्स में वह हॉलीवुड की विविधता और कैसे उन्हें इस इंडस्ट्री में स्पॉटलाइट हासिल करने का मौका मिला, इस पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
कंटेन्डर्स एक वार्षिक समारोह है जिसमें हॉलीवुड के बड़े फिल्म स्टूडियोज एक मंच पर आकर साल की बेस्ट फिल्मों पर चर्चा करते हैं। इस समारोह में हर स्टूडियो की दो-तीन फिल्मों को चर्चा के लिए चुना जाता है। इस साल फिल्म स्टूडियो 'फोकस फीचर्स' की ओर से 'विक्टोरिया एंड अब्दुल' को प्रस्तुत किया जाएगा। इस फिल्म में अली फजल और ऑस्कर विजेता जूडी डेंच ने अभिनय किया है।
अगर सब कुछ ठीक रहा तो अली फजल हॉलीवुड में बायोपिक साइन करने वाले पहले भारतीय एक्टर भी बन जाएंगे। खबर है कि इस सिलसिले में उनकी हॉलीवुड के एक मशहूर निर्देशक के साथ बातचीत भी जारी है जिनकी अगली फिल्म बायोपिक होगी। फजल ने फिल्म 'फास्ट एंड फ्यूरियस-7' से हॉलीवुड डेब्यू किया है।
