पिछले साल ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' का सीक्वल बनाने की इसके निर्माताओं की तैयारी जोरों पर है। इस सीरीज की पहली फिल्म को दर्शकों की तरफ से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है इसलिए निर्माताओं पर यह दबाव है कि वह अपनी दूसरी फिल्म को और भी बेहतर बनाने की कोशिश करें। इधर, फिल्म के निर्देशक सैम हरग्रेव ने जानकारी दी है कि फिल्म के निर्माता रुसो ब्रदर्स चाहते हैं कि इस फिल्म सीरीज को एक्सट्रैक्शन यूनिवर्स के रूप में बनाया जाए।
'एक्सट्रैक्शन' का अलग एक्शन पैक्ड यूनिवर्स बनाएंगे रूसो ब्रदर्स, पटकथा हो रही है तैयार
हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता क्रिस हेम्सवर्थ की वेब फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' के निर्देशक सैम हरग्रेव ने इसके सीक्वल पर ताजा जानकारी देते हुए एक इंटरव्यू के दौरान कहा है कि इस समय फिलहाल सीक्वल के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। क्योंकि, अब तक काम बहुत ज्यादा आगे नहीं बढ़ा है। सैम ने बताया कि फिलहाल जो रूसो फिल्म की पटकथा पर काम कर रहे हैं और चुनने की कोशिश कर रहे हैं कि फिल्म में क्या होना चाहिए और क्या नहीं? अभी तक बाकी लोगों को फिल्म की पटकथा पढ़ने नहीं दी गई है।
सैम हरग्रेव का कहना है कि उन्होंने 'एक्सट्रैक्शन 2' की पटकथा को थोड़ा बहुत पढ़ा है लेकिन वह उस पटकथा को पढ़ने के लिए बहुत उत्साहित हैं जो फिल्म 'एक्सट्रैक्शन 2' को अंतिम रूप देगी। निर्माताओं की तैयारी है कि वह इस फिल्म सीरीज को एक्शन पैक्ड एडवेंचर जॉनर वाले एक्सट्रैक्शन यूनिवर्स के रूप में बनाएं। सैम ने यह भी बताया कि वह इस सीरीज के दूसरे भाग को काफी बड़े स्तर पर बनाना चाहते हैं और इसमें एक्शन दृश्यों की भरमार होगी। इसके लिए वह अक्सर शहर में घूम कर एक निर्देशक की निगाहों से शूटिंग एंगल खोजने की कोशिश करते रहते हैं।
'एक्सट्रैक्शन' के सीक्वल में एक्शन दृश्यों के बारे में सैम ने कहा, 'हम इस बारे में बहुत गंभीरता से बात करते हैं। सच बताऊं तो मैं जब भी अपने घर के आस-पास या फिर शहर में घूमने के लिए निकलता हूं तो मैं देखता रहता हूं कि किस एंगल से किस जगह और भी बेहतर और अलग एक्शन किए जा सकते हैं? अगर हर समय मेरी आंखों में एक कैमरा रहता तो मैं बहुत सी चीजों को उस में कैद करता। मुझे अलग तरह से एक्शन दृश्यों को फिल्माना बहुत अच्छा लगता है। इस बारे में मैं और जो बहुत बातें करते हैं। एक दूसरे को अपने विचार बताते हैं, फिर उन पर बहस भी होती है। कुल मिलाकर हमारे सामने चुनौती बड़ी है।'
वेब फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' को बीते साल अप्रैल के महीने में ओटीटी पर रिलीज किया गया और इस फिल्म को दर्शकों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली। फिल्म में मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स में थॉर का किरदार निभाने वाले हॉलीवुड अभिनेता क्रिस हेम्सवर्थ ने मुख्य भूमिका निभाई है। क्रिस के साथ फिल्म में रणदीप हुड्डा, रुद्राक्ष जयसवाल, पंकज त्रिपाठी, प्रियांशु पैन्यूली, डेविड हार्बर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग भारत में ही हुई इसलिए लोगों को यह फिल्म और भी ज्यादा पसंद आई।