हॉलीवुड फिल्म 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन' फेम जॉनी डेप पिछले काफी समय से अपनी पर्सनल लाइफ में चल रहे तनाव के कारण सुर्खियों में हैं। अपनी पूर्व पत्नी एम्बर हर्ड के साथ चल रहे मानहानि मुकदमे में जॉनी को मिली जीत के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। अभिनेता आए दिन पार्टी करते और अपनी जीत का जश्न मनाते देखे जा रहे हैं। छह हफ्तों तक चले इस लंबे केस के बाद कोर्ट ने जॉनी के पक्ष में फैसला सुनाने के साथ-साथ एम्बर हर्ड को करीब 10 मिलियन डॉलर मुआवजे के तौर पर चुकाने का आदेश दिया था। लेकिन अब जॉनी की तरफ से एक ऐसा बयान सामने आया है, जिसे सुन एम्बर ने हैरान रह गई है।
Johnny Depp Amber Heard: एम्बर हर्ड से 10 मिलियन डॉलर नहीं लेंगे जॉनी डेप, सिर्फ इस शर्त पर करेंगे समझौता
मुआवजे पर बोले जॉनी
इस हाई प्रोफाइल केस में दोनों पक्षों की तरफ से कई दलीलें पेश की गई थीं, जिनसे दोनों अभिनेताओं की इमेज को क्षति पहुंची थी। इस केस के कारण जॉनी से कई फिल्में भी छीन ली गई थीं। लेकिन केस में मिली जीत की वजह से जहां अभिनेता का हौसला बढ़ा है, तो वहीं दूसरी तरफ एम्बर का हौसला पस्त होता नजर आ रहा है। इतना सब होने के बावजूद भी जॉनी, एम्बर के लिए नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। दरअसल, बात यह है कि जॉनी के वकील बेंजामिन द्वारा मुआवजे में राहत को लेकर हाल में दिए गए बयान में एक बहुत बड़ा हिंट दिया है। उन्होंने कहा, "यह मानहानि मुकदमा कभी भी पैसों के लिए नहीं था। यह केस हमेशा से ही जॉनी की खोई हुई साख वापस लाने के लिए था। अगर एम्बर हर्ड इस केस में आगे नहीं जाती हैं तो हो सकता है कि जॉनी मुआवजे की रकम न लें।"
जीत से खुश हैं जॉनी डेप
जॉनी डेप, इन दिनों एम्बर हर्ड के साथ चली इस लंबी लड़ाई में मिली जीत का जश्न मना रहे हैं। वह अपनी फैंस और जूरी का धन्यवाद करते थक नहीं रहे हैं। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'टिक टॉक' भी जॉइन किया था, जहां उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपने फैंस को धन्यवाद कहा था। वीडियो साझा करते हुए अभिनेता लिखते हैं, "मेरे सबसे कीमती, वफादार और अटूट फैंस के लिए। हम हर जगह एक साथ रहे हैं, हमने सब कुछ एक साथ देखा है। हम एक साथ एक ही रास्ते पर चले हैं। हमने एक साथ सही काम भी किया, क्योंकि आप लोग मेरी परवाह करते थे।" अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए जॉनी ने अपने फैंस को बड़े पर्दे पर उनकी वापसी का हिंट भी दिया। जॉनी ने लिखा,"और अब, हम सब एक साथ आगे भी बढ़ेंगे। आप हमेशा की तरह मेरे साथ हैं और एक बार फिर मैं आप सभी को धन्यवाद कहना चाहता हूं। धन्यवाद। मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं और साथ ही आपका सम्मान भी करता हूं।"
एम्बर को हजम नहीं हुई जॉनी की खुशी
जॉनी का यह पोस्ट देख एम्बर इस पर कमेंट करने से अपने आप को रोक नहीं पाईं। उनकी तरफ से उनके एक करीबी ने जॉनी के 'टिक टॉक' जॉइन करने को लेकर कहा,"जैसे-जैसे जॉनी डेप आगे बढ़ रहे हैं, महिलाओं के अधिकार पीछे की ओर बढ़ते जा रहा हैं। कोर्ट के इस फैसले ने घरेलू हिंसा से पीड़ित होने वाली महिलाओं को संदेश दिया है कि इसके खिलाफ खड़े होने और बोलने से डरो।" एम्बर के ऐसे तेवर देखकर यह कहना थोड़ा मुश्किल है कि वह आगे शांत बैठेंगी या नहीं।
