एपिक फेंटेसी एडवेंचर फिल्म 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' फिल्मों की सीरीज की दुनियाभर में भारी फैन फॉलोइंग है। सिनेमाघरों में वर्षों धूम मचाने के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म 'अमेजन प्राइम वीडियो' पर इन फिल्मों की एक प्रीक्वल वेब सीरीज 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स- द रिंग्स ऑफ पॉवर' आ रही है। यह सीरीज भी इन फिल्मों की तरह ही दर्शकों के लिए उत्सुकता का कारण बनी हुई है। जब से इस सीरीज की घोषणा हुई है, तभी से दर्शक इसके स्ट्रीम होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछले दिनों मेकर्स ने इस वेब सीरीज का पहला लुक जारी कर दिया था, जिसे देख सबकी आंखें खुली की खुली रह गई थीं। ऐसे में अब इस सीरीज का एक नया टीजर रिलीज किया गया है।
The Lord of the Rings: मिडिल अर्थ पर मंडरा रहा कॉमेट का खतरा, वीडियो देख होगा लोगों के खौफ का अंदाजा
वीडियो जारी कर दिया तोहफा
अमेजन प्राइम ने अपनी बहुप्रतीक्षित आगामी वेब सीरीज, 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स: द रिंग्स ऑफ पावर' का एक नया स्नीक पीक क्लिप जारी किया है। इस 60 सेकंड की क्लिप में एक मीटिओर को धरती पर गिरते हुए दिखाया जाता है, जिसे देख लोगों के चेहरों पर खौफ साफ दिखा रहा है। बता दें, कि यह सीरीज 2 सितंबर को रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है। यह सीरीज 'जेआरआर टॉल्किन' के 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' नॉवल पर आधारित है। इस वेब सीरीज को 'द हॉबिट' फ्रैंचाइजी की प्रसिद्ध फिल्म में दर्शाए गए समय से हजारों साल पहले सेट किया जाएगा।
क्या होगी सीरीज की कहानी
'द रिंग्स ऑफ पॉवर' में 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' फिल्मों से पहले की घटनाओं को दिखाया जाएगा। लगभग एक मिनट के टीजर में इस सीरीज के दृश्यों की भव्यता और विशालता का साफ अंदाजा हो जाता है। इसमें मिडिल अर्थ की सेकंड एज की झलक दिखाई गई है। सीरीज की कहानी को युवा गैरड्रील के नजरिए से आगे बढ़ाया जाएगा। 'द लॉर्ड्स ऑफ द रिंग्स: द रिंग्स ऑफ पावर' अमेजन प्राइम की अबतक की सबसे महंगी वेब सीरीज बताई जा रही है। इस सीरीज की कहानी एक काल्पनिक जगह मिडिल अर्थ में स्थापित है, जहां एक हॉबिट फ्रोडो बैगिंस रिंग को खत्म करने की यात्रा पर निकलता है। सीरीज में कई दिलचस्प किरदार और प्रजातियां जुड़ती जाती हैं। यह सीरीज इंग्लिश समेत हिंदी, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में एक साथ रिलीज की जाएगी।
कब से है यह दुनिया
गौरतलब है कि 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' सीरीज की पहली फिल्म 'फेलोशिप ऑफ द रिंग' 2001 में रिलीज हुई थी। इसके बाद 2002 में 'द टू टॉपर्स' और 2003 में 'द रिटर्न ऑफ द किंग' आई थी। पीटर जैक्सन निर्देशित फिल्मों की सीरीज को दुनिया की सबसे बड़ी और असरदार फिल्म सीरीजों में गिना जाता है। बॉक्स ऑफिस के साथ फिल्म सीरीज ने अवॉर्ड्स की दुनिया में भी खूब धमाल मचाया था।
