दो साल पहले जब देश में कोरोना महामारी को लेकर कर्फ्यू लगा तो लोगों ने घरों में कैद होकर निर्माता निर्देशक रामानंद सागर का धारावाहिक ‘रामायण’ खूब देखा। लेकिन जब पहली बार इस धारावाहिक का प्रसारण दूरदर्शन पर हुआ था तो बिना किसी लॉक डाउन के भी रास्तों पर कर्फ्यू जैसे हालात ही होते थे। पूरे देश में लोग इतवार के दिन सुबह सुबह सब कुछ छोड़कर सिर्फ ये धारावाहिक देखने बैठ जाते गुजरे जमाने से लेकर आज तक जब भी टीवी पर रामायण का प्रसारण हुआ लोगों की नजरें राम और रावण का पीछा करती नजर आईं। सच और झूठ की इस लड़ाई में दोनों की ही अपनी विचारधारा थी जिसे लेकर युद्ध हुआ और राम ने रावण का संहार किया। तो चलिए आपको बताते हैं उन राम कथाओं के बारे में जो छोटे परदे पर दिखीं और दर्शकों की उत्सुकता जगाने में कामयाब रहीं...
Ram Navami 2022: कभी देखा है स्मृति ईरानी को सीता के रूप में, नीतीश भारद्वाज ने धरा था राम का रूप
रामानंद सागर की यह रामायण आज तक टीवी पर सबसे अधिक पसंद की गई रामायण में एक है। इस शो में राम का किरदार अरुण गोविल तो वहीं रावण के रूप में अरविंद त्रिवेदी ने आंतक मचाया था। सीता का किरदार दीपिका चिखलिया, लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी और हनुमान का किरदार दारा सिंह निभाया करते थे। इस शो को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि इसके प्रसारण के समय सड़कें खाली हो जाया करती थी। इस शो की 82 प्रतिशत व्यूअरशिप हुआ करती थी।
रामायण (2001-2002)
बलदेव राज चोपड़ा (बी आर चोपड़ा) और रवि चोपड़ा के निर्देशन में बने इस शो में नितीश भारद्वाज ने राम का किरदार तो वहीं सुरिंदर पाल ने रावण का किरदार निभाया था। जी टीवी के इस शो में स्मृति ईरानी ने सीता का किरदार और गजेन्द्र चौहान ने दशरथ का किरदार निभाया। इसे पिछली रामायण की तरह शोहरत तो नहीं मिल पाई थी हालांकि इसे भी लोगों द्वारा प्यार मिला।
रावण (2005)
इस शो में राम का किरदार दिवाकर पुंडीर ने तो वहीं रावण के रूप में नरेन्द्र झा नजर आए। साल 2006 में जी टीवी पर टीवी सीरियल रावण की शुरुआत हुई। यह शो रामायण पर ही आधारित था लेकिन इसे रावण के दृष्टिकोण से बनाया गया था। कुल मिलाकर इस शो में दर्शकों को यह देखने को मिला था कि आखिर रावण, लंकापति रावण कैसे बना। कैसे शिवभक्त होते हुए भी उसके अंदर अहंकार ने घर कर लिया। कैसे वह दूसरों पर अत्याचार करने लगा। शो में रावण की मनोदशा के बारे में विस्तार से देखने को मिलता था। इस शो का निर्देशन रंजन सिंह ने किया था। इस शो के तीन सीजन प्रसारित किए गए जिसके कुल 105 एपिसोड्स थे।
रामायण (2008)
नए कलेवर के साथ बनाई गई इस रामायण में गुरमीत चौधरी जहां राम के किरदार में तो वहीं अखिलेश मिश्रा ने रावण का रोल प्ले किया था। इस रामायण को खुद रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर ने बनाया था। लोगों के द्वारा यह रामायण पसंद तो की गई लेकिन पिता द्वारा हासिल की शोहरत के तुलना में यह रामायण वैसा कमाल नहीं दिखा सकी। शो में गुरमीत से लेकर अखिलेश मिश्रा के अदाकारी को लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया हासिल हुई।