सब्सक्राइब करें

रोडवेज बस की हाईवा से टक्कर: एक की मौत, कई घायल, एक साथ घायलों के पहुंचने पर अस्पताल में कम पड़ गए स्ट्रेचर और बेड

संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Mon, 10 Jan 2022 08:27 PM IST
विज्ञापन
Horrific road accident in Bhiwani of Haryana
भिवानी में हुआ सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ठिठुरती सुबह में कोई अपनी ड्यूटी पर जा रहा था तो कोई अपने घर हंसी खुशी लौट रहा था। मगर सड़क हादसे के बाद सभी एक साथ नागरिक अस्पताल पहुंच गए। किसी के माथे व सिर से खून टपक रहा था तो कोई इस दुखद सड़क हादसे में अपने दोनों पैरों को बुरी तरह जख्मी होने की वजह से स्ट्रेचर पर आ गया। घायल चीखने चिल्लाने लगे तो अस्पताल में मौजूद स्टाफ सदस्यों में भी अफरातफरी मच गई और हर कोई घायलों के बह रहे खून को रोक मरहम पट्टी में जुट गया। घायलों को आपात विभाग के अंदर ले जाने में स्ट्रेचर भी कम पड़ गए, वहीं नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में घायलों के लिए भी बेड कम पड़े। 


बता दें कि हरियाणा के भिवानी में भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव धनाना और तालू के बीच भिवानी से जींद जा रही रोडवेज बस की दो हाईवा से टक्कर हो गई। हादसे में हाईवा चालक की मौत हो गई। 14 सवारियां गंभीर घायल हो गईं। 5 सवारियों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहत किया रेफर। हादसा रोडवेज बस चालक द्वारा हाईवा को ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ। इस वजह से सामने से आ रहे दूसरे हाईवा से उसकी टक्कर हो गई और पीछे आ रहा हाईवा ने भी बस के पिछले हिस्से को ठोक दिया। इस हादसे के बाद रोडवेज बस दोनों हाइवा के बीच फंस गई।
Trending Videos
Horrific road accident in Bhiwani of Haryana
हादसे में घायलों को अस्पताल में लेकर जाते हुए। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे की जानकारी लगने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल की तरफ दौड़े। इस वजह से घायलों के उपचार में भी काफी परेशानी बनी। वहीं भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर तालू और धनाना के बीच रोडवेज बस के साथ दो हाईवा को सड़क से हटाने में भी दो क्रेनों को करीब ढाई घंटे लगे। इस बीच करीब तीन घंटे तक भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर भी वाहनों का जाम लगा। हादसाग्रस्त वाहनों को हटाने तक वाहनों का रूट भी बदला गया। सड़क हादसे में जींद में तैनात एक बीडीपीओ, प्राइवेट स्कूल का प्राचार्य सहित सास बहू और बेटा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में 60 से 70 साल के बुजुर्ग भी शामिल थे, जिन्हें काफी चोटें आई थीं।

भिवानी के बस स्टैंड से डिपो की एक बस को लेकर चालक राजकुमार सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे रवाना हुआ था। बस धनाना गांव से निकलकर करीब दो किलोमीटर तालू की तरफ गई थी कि इसी दौरान एक हाईवा को बस चालक ने ओवरटेक कर दिया, इसी दौरान अचानक सामने से आ रहे दूसरे हाईवा से आमने-सामने टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे आ रहा हाईवा भी बस के पिछले हिस्से में टकराया तो बस पीछे से भी पिचक गई। बस में करीब 50 से अधिक सवारियां थी। जिनमें 14 सवारियों को गंभीर चोटें आईं। इनमें अधिकतर महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि धमाके के साथ तीनों वाहन इस तरह टकराए कि बस में सफर कर रहे मुसाफिर अंदर ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए दो क्रेन बुलानी पड़ीं, जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग कर बस के कुछ हिस्से को भी काटना पड़ा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Horrific road accident in Bhiwani of Haryana
नागरिक अस्पताल में एक ही बेड पर लेटी सड़क हादसे में घायल काजल व उसकी सास कृष्णा का हालचाल जानते सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

तेज धमाका हुआ और फिर आंखों के सामने छा गया अंधेरा

सड़क हादसे में रोडवेज बस में सवार हरिपुर निवासी 22 वर्षीय काजल अपनी 45 वर्षीय सास कृष्णा व पति पवन के साथ जींद के किठाना जा रही थी। हादसे में घायल होने के बाद आपात विभाग में सास-बहू को यहां भी एक ही बेड पर लेटना पड़ा। गांव प्रेमनगर निवासी 48 वर्षीय सत्यवान जींद में बीडीपीओ लगा है। वह घर से अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। डीसी कॉलोनी निवासी 61 वर्षीय संतोष गांव बास जा रही थी। बुजुर्ग महिला रुकमा खरक गांव से जींद जा रही थी। चंडीगढ़ निवासी मोहित भी बस में सवार होकर किसी कार्य से जींद जा रहा था। नारनौल का सुमित भी इसी बस में सवार था। 60 साल का महेंद्र धनाना गांव से बस में जींद जाने के लिए सवार हुआ था। बस में सवार होने के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गया। धनाना का ही पाले भी हांसी जाने के लिए मुंढाल कलां जाने के लिए बस में चढ़ा था। 75 वर्षीय कृष्णचंद भी अपने घर जींद लौट रहा था। 30 साल का कपिल भी भिवानी से जींद प्राइवेट स्कूल में जा रहा था, कपिल स्कूल में प्रधानाचार्य है। रोजाना अपनी निजी गाड़ी से स्कूल जाता था, मगर आज ही वह रोडवेज बस से स्कूल पहुंच रहा था कि इससे पहले ही अस्पताल पहुंच गया। कपिल की जांघ से एक पैर की हड्डी टूट गई और पूरे शरीर पर चोटें लगीं। घायलों ने बताया कि उन्हें तेज धमाके की आवाज सुनी और फिर उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। सिर सीट के आगे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गया और पैर सीट में ही फंस गए। 

40 वर्षीय सुलतानपुर के धर्मबीर की गई सड़क हादसे में जान

हांसी के गांव सुल्तानपुर निवासी 40 वर्षीय धर्मबीर मानकावास गांव निवासी किसी व्यक्ति के हाईवा पर बतौर चालक था। सड़क हादसे में धर्मबीर बस के पीछे था। उसकी गाड़ी के परिचालक जगबीर ने बताया कि अचानक रोडवेज बस चालक ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर दिया, इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे हाईवा से टकरा गई और फिर उनकी गाड़ी भी बस के पीछे जा टकराई। इस हादसे में धर्मबीर की मौके पर ही मौत हो गई और परिचालक जगबीर भी घायल हो गया। 
Horrific road accident in Bhiwani of Haryana
आपात विभाग में पहुंचे घायलों के परिजनों की वजह से बनी अव्यवस्था, समझते स्वास्थ्य कर्मचारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

घायलों को उपचार देने में फूले स्वास्थ्य कर्मचारियों के थी हाथ-पांव

नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में आमतौर पर चार से पांच घायलों को ही एक साथ उपचार देने में परेशानी हो जाती हैं, यहां तो 15 से 20 घायल एक साथ आपात विभाग पहुंचे तो उन्हें उपचार देने में भी स्वास्थ्य कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। घायलों के साथ उनके परिजनों को संभालना भी बड़ी परेशानी थी, ऐसे में सुरक्षा कर्मचारी भी बार बार प्रयास करते रहे, मगर परिजन बुरी तरह घबराए हुए थे। हादसे में घायल भी सदमे में आ गए थे। मामूली घायलों को मरहम पट्टी के बाद जाने दिया, जबकि 14 गंभीर घायल थे। 

निजी वाहनों से घायलों को लाए अस्पताल, तीन एंबुलेंस भी पहुंचीं

सूचना के बाद हादसा स्थल के लिए तीन एंबुलेंस गाड़ी भी दौड़ पड़ीं। इसी बीच निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल लाना शुरू हो गया। एक के बाद एक गाड़ी से घायलों को उतारा गया और फिर उन्हें जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग तक ले जाया गया। इस काम में आपात विभाग में स्ट्रेचर भी कम पड़ गए। 
विज्ञापन
Horrific road accident in Bhiwani of Haryana
भिवानी में हुआ सड़क हादसा, कई लोग घायल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे की जांच कराएंगे
मुझे जैसे ही हादसे की जानकारी लगी रोडवेज कर्मचारियों की टीम लेकर मौके पर पहुंच गया। राहत की बात यह भी रही कि वहां प्रशिक्षु रोडवेज चालकों व पुलिस जवानों की सहायता से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया। रोडवेज के चालक और परिचालक सकुशल हैं। घायलों को रोडवेज और प्रशासन की तरफ से हर संभव सहायता की गई। खून की जरूरत के लिए रोडवेज के कर्मचारी भी रक्तदान के लिए आगे आए हैं। विभाग हादसे की जांच कराएगा। - मनोज दलाल, महाप्रबंधक रोडवेज भिवानी डिपो, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग। 

सभी को तुरंत मिला इलाज
सड़क हादसे में घायलों को तुरंत प्रभाव से प्राथमिक उपचार दिया गया, जिन घायलों की हालत गंभीर थी, उन्हें रेफर किया गया है। आपात विभाग में हादसे की जानकारी के बाद ही अतिरिक्त चिकित्सकों व स्टाफ की व्यवस्था की गई थी। जिसके कारण समय रहते सभी को उपचार मिला है। - डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी। 

बस चालक के खिलाफ केस दर्ज

हादसे में हाईवा चालक धर्मबीर की मौत हुई है, उसकी गाड़ी के परिचालक जगबीर की शिकायत पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस हादसे में घायलों की भी जानकारी जुटा रही है। इस संबंध में पुलिस की टीम जांच में जुटी है। - जयसिंह, एसएचओ सदर पुलिस थाना भिवानी। 

विज्ञापन
अगली फोटो गैलरी देखें
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed