फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Mumbai Rains: मुंबई में आफत की बारिश; सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित, स्कूल-कॉलेज समेत सरकारी कार्यालय बंद

Tue, 19 Aug 2025 11:48 AM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Tue, 19 Aug 2025 11:48 AM IST
सार

महाराष्ट्र में कई हिस्सों में बारिश से बुरा हाल है। मुंबई में तो हालात बद से बदतर हो गए हैं। स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। बीएमसी ने  सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालय बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए हैं। निजी कंपनियों से अपील की गई है कि वे 19 अगस्त को कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दें। 

विज्ञापन
Maharashtra Mumbai Rain lashes Airlines issues travel advisory waterlogging sluggish traffic
मुंबई में भारी बारिश से हालात बिगड़े - फोटो : PTI

मुंबई में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश की वजह से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। इससे सड़क यातायात, हवाई सेवाएं, लोकल ट्रेन और रेल सेवाएं धीमी हो गईं। बारिश की वजह हुए जलभराव समेत अन्य कारणों की वजह से महानगर और आसपास के इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। शहर के नगर निकाय ने कहा कि सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालय मंगलवार को बंद रहेंगे। निजी प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने दें और अनावश्यक यात्रा से बचें।



बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मंगलवार सुबह एक बयान में शहर और उपनगरों में लगातार हो रही भारी बारिश और आईएमडी की ओर से जारी 'रेड अलर्ट' चेतावनी के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर बंद की घोषणा की। बयान में कहा गया है कि यह निर्णय आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बीएमसी कार्यालयों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर लागू होता है।

लगातार हो रही बारिश और आईएमडी द्वारा जारी 'रेड अलर्ट' की चेतावनी के मद्देनजर स्कूल और कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और आसपास के जिलों में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मुंबई पुलिस ने निवासियों से अपील की है कि वे केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। पुलिस ने निजी क्षेत्र से भी घर से काम करने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।



मुंबई हवाई अड्डे पर परिचालन प्रभावित; आठ उड़ानें डायवर्ट
भारी बारिश के कारण कम से कम आठ उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया और कई उड़ानों में देरी हुई। एयरलाइनों ने यात्रियों को लगातार बारिश के कारण उड़ानों में देरी की सूचना दी और कम दृश्यता की स्थिति में सुधार के उपाय भी समय-समय पर लागू किए गए।

  • इंडिगो एयरलाइंस की छह और स्पाइसजेट तथा एयर इंडिया की एक-एक उड़ान को सूरत, अहमदाबाद और हैदराबाद सहित आस-पास के हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया।
  • एयर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मुंबई में लगातार बारिश हो रही है, जिससे उड़ानों का समय प्रभावित हो सकता है।
  • इंडिगो ने एक्स से बात करते हुए कहा कि लगातार बारिश और आंधी-तूफान मुंबई को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे उड़ानों में देरी हो सकती है।
  • एयरलाइंस ने ट्वीट में लिखा, 'मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के कई मार्गों पर जलभराव और यातायात धीमा हो गया है। इसके कारण परिचालन संबंधी चुनौतियां पैदा हुई हैं, जिससे प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है। हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है।'
Maharashtra Mumbai Rain lashes Airlines issues travel advisory waterlogging sluggish traffic
Mumbai Rains - फोटो : PTI

फिर से बारिश का प्रकोप झेलना पड़ा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई है, जिसमें पूर्वी उपनगरों के विक्रोली में सबसे अधिक 255.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के सभी कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कॉलेजों पर लागू होता है।

मुंबई में भारी बारिश के एक दिन बाद मंगलवार को लोगों को फिर से बारिश का प्रकोप झेलना पड़ा। कई सड़कें जलमग्न हो गईं और सुबह से ही यातायात बाधित रहा। जलभराव की वजह से लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हुई। बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाओं का मार्ग कुछ स्थानों पर परिवर्तित किया गया। बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर और चेंबूर सहित शहर के कई हिस्सों में रात भर भारी बारिश हुई और सुबह भी बारिश जारी रही। इससे गांधी मार्केट सहित निचले इलाकों में जलभराव हो गया।

Maharashtra Mumbai Rain lashes Airlines issues travel advisory waterlogging sluggish traffic
Mumbai Rains - फोटो : PTI

पटरियां जलमग्न होने के कारण हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं स्थगित 
इस बीच मध्य रेलवे ने भारी बारिश के बाद एक हिस्से में पटरियां जलमग्न होने के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और कुर्ला स्टेशनों के बीच हार्बर लाइन पर अपनी लोकल ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दीं। कुर्ला और सायन स्टेशनों के बीच मुख्य लाइन पर भी रेल पटरियां जलमग्न हो जाने के कारण सेवाएं स्थगित कर दी गईं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Maharashtra Mumbai Rain lashes Airlines issues travel advisory waterlogging sluggish traffic
Mumbai Rains - फोटो : PTI

शहर की सभी एजेंसियां अलर्ट पर
स्थिति को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने लोगों से घर के अंदर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। बताया गया कि सुबह और देर शाम होने वाली बारिश से यातायात जाम हो सकता है, क्योंकि सुबह 9.16 बजे 3.75 मीटर और रात 8.53 बजे 3.14 मीटर ऊंचा ज्वार था। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह 8 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में द्वीपीय शहर में 186.43 मिमी, पूर्वी में 208.78 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 238.19 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई।

विज्ञापन
Maharashtra Mumbai Rain lashes Airlines issues travel advisory waterlogging sluggish traffic
Mumbai Rains - फोटो : PTI

बहुत भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना
मंगलवार के पूर्वानुमान में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई शहर और उपनगरों में बहुत भारी से बेहद भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, जिसमें कभी-कभी 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आईएमडी ने बताया कि विक्रोली में सबसे ज्यादा 255.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद बायकुला में 241 मिमी, जुहू में 221.5 मिमी और बांद्रा में 211 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर के महालक्ष्मी इलाके में तुलनात्मक रूप से कम 72.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed