होली का त्योहार देशभर में आनंद और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मेल-मिलाप और पारंपरिक व्यंजनों के इस खास पर्व का हम सभी को पूरे साल इंतजार रहता है। होली को इसके पकवान और मिठाइयां और भी खास बना देती हैं। गुझिया-मिठाइयां, रंग-गुलाल होली की पहचान हैं। हालांकि होली के उत्सव के दौरान अपनी सेहत को लेकर सावधानी बरतना भी जरूरी है।
Holi 2026: होली का स्पेशल ड्रिंक ठंडाई, स्वाद भी और सेहत भी; जान लीजिए इसके फायदे और नुकसान
होली पर ठंडाई के बिना जश्न अधूरा सा लगता है। ठंडाई पारंपरिक भारतीय पेय है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ तुरंत ऊर्जा भी प्रदान करती है। हालांकि ठंडाई पीने को लेकर कुछ सावधानियां जरूरी हैं।
होली में ठंडाई पीने का विशेष महत्व
ठंडाई भारत का पारंपरिक पेय है। दूध, बादाम, सौंफ, काली मिर्च, तरबूज के बीज और इलायची से तैयार ये पेय कई प्रकार के पोषक तत्व और शरीर को एनर्जी प्रदान करता है। इसे पाचन से लेकर शरीर को शीतलता प्रदान करने तक के लिए फायदेमंद पाया गया है।
हालांकि, अधिक चीनी या भांग वाली ठंडाई सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। इसलिए ठंडाई का सही मात्रा में और सही तरीके सेवन किया जाना चाहिए।
स्वाद और सेहत का खजाना है ठंडाई
आयुर्वेद विशेषज्ञ कहते हैं, होली में ठंडाई पीने का विशेष महत्व है। होली का समय सर्दी खत्म होकर गर्मी की शुरुआत वाला होता है। इस समय शरीर को तापमान संतुलित रखने की जरूरत होती है। ठंडाई दूध, मेवे और औषधियों-मसालों से तैयार किया जाता है, जो शरीर को ठंडक और ऊर्जा दोनों देती है।
- इसमें मौजूद सौंफ और काली मिर्च पाचन तंत्र को सक्रिय करते हैं।
- होली के दौरान जिससे भारी पकवान खाने के बाद ठंडाई पीने से गैस और अपच की समस्या दूर होती है।
- दूध और मेवे तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं, जिससे होली के दिन की थकान कम होती है।
क्या हैं ठंडाई पीने के फायदे?
ठंडाई पीने से कई फायदे होते हैं, इसलिए इसे गर्मियों का सेहतमंद ड्रिंक माना जाता है। ठंडाई को तैयार करने के लिए जिन चीजों का इस्तेमाल किया जाता है वो सभी सेहत के लिए विशेष लाभकारी होते हैं। इस तरह ठंडाई एक एनर्जी ड्रिंक की तरह काम करती है।
- ठंडाई में बादाम मिलाया जाता है जिसमें विटामिन-ई और हेल्दी फैट होते हैं।
- तरबूज और खरबूजे के बीज में प्रोटीन और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर को ताकत देते हैं।
- सौंफ पाचन में सहायक है और पेट की जलन कम करके गैस-अपच में मदद कर सकती है।
- इलायची और काली मिर्च मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करती है और इम्युनिटी बढ़ाने में सहायक है।
- दूध कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए जरूरी है।
इन बातों का रखें ध्यान
ठंडाई वैसे तो सेहत के लिए बहुत लाभकारी है, पर इसके सेवन को लेकर कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। ठंडाई में कैलोरी और शुगर अधिक हो सकती है ऐसे में डायबिटीज के मरीजों को इसका सेवन ध्यान से करना चाहिए।
यदि ठंडाई में भांग मिलाई गई हो, तो बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और हृदय रोगियों को इससे बचना चाहिए। अधिक मात्रा में सेवन से उल्टी, घबराहट, चक्कर या डिहाइड्रेशन हो सकता है।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।