जब भी बात दिल की बीमारियों और हाई ब्लड प्रेशर की होती है तो इसके लिए ज्यादा नमक खाने को प्रमुख कारण माना जाता है। पर क्या सिर्फ नमक ही आपके दिल की दुश्मन है?
Heart Health: क्या आपकी रोज की मिठास बन रही है दिल की दुश्मन? अभी हो जाएं सावधान
अत्यधिक चीनी शरीर में सूजन बढ़ाने, ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ाने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को कम करने से जुड़ी हो सकती है। साथ ही यह धमनियों की कार्यक्षमता को भी प्रभावित कर सकती है। इससे हार्ट को खतरा हो सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कहीं ज्यादा चीनी तो नहीं खा रहे आप?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अधिकतर लोगों को यह पता ही नहीं होता कि वे जरूरत से कहीं ज्यादा चीनी खा रहे हैं। कई बार मीठा स्वाद न होने वाले पैकेज्ड फूड्स, सॉस, ब्रेड और स्नैक्स में भी चीनी मौजूद होती है। ऐसे में व्यक्ति बिना जाने हर दिन तय सीमा से अधिक चीनी का सेवन कर लेता है।
चीनी असल में पाचन के बाद ग्लूकोज में बदलती है और शरीर को ऊर्जा देती है। लेकिन जब आप जरूरत से ज्यादा चीनी खाने लगते हैं तो अतिरिक्त ग्लूकोज और फ्रुक्टोज फैट में बदलकर शरीर में जमा होने लगता है। इससे वजन बढ़ता है और शरीर की इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता कम होने लगती है। यही बदलाव आगे चलकर हृदय और रक्त वाहिकाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
कई चीजों में होती है छिपी हुई चीनी
चीनी सिर्फ चाय में मिलाकर पीने वाली नहीं है। कई चीजों में भी इसकी अधिकता होती है लेकिन हमें इसका पता नहीं होता। कोल्ड ड्रिंक्स, पैकेज्ड फ्रूट जूस, केक, पेस्ट्री, डोनट और मिठाइयों में जरूरत से ज्यादा चीनी की मात्रा होती है। कई हेल्दी दिखने वाले पैकेज्ड फूड्स में भी छिपी हुई चीनी होती है।
क्या मीठे फलों को खाना भी नुकसानदायक है?
सामान्य तौर पर फलों में मौजूद प्राकृतिक शर्करा नुकसानदायक नहीं मानी जाती है।
- फलों में फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो चीनी के अवशोषण को धीमा करते हैं।
- समस्या मुख्य रूप से एडेड शुगर से होती है।
- डायबिटीज के मरीजों को फल भी संतुलित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह के अनुसार खाने चाहिए।
रोज कितनी चीनी लेना सुरक्षित है?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि एडेड शुगर की मात्रा सीमित रखनी चाहिए।
- सामान्य तौर पर महिलाओं के लिए लगभग 25 ग्राम (करीब 6 चम्मच) और पुरुषों के लिए लगभग 36 ग्राम (करीब 9 चम्मच) चीनी को सेफ माना जाता है।
- हालांकि पैक्ड चीजों और एक कोल्ड ड्रिंक्स में ही इतनी चीनी हो सकती है, इसलिए खान-पान का चुनाव सावधानी से किया जाना चाहिए।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित भोजन करें और नमक के साथ-साथ चीनी भी कम खाएं।
- नियमित व्यायाम, धूम्रपान से बचाव, पर्याप्त नींद और तनाव कम करना भी आपके लिए जरूरी है।
- समय-समय पर ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर व कोलेस्ट्रॉल की जांच कराएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।