जिस तरह से दुनियाभर में कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है, कम उम्र में ही लोग क्रॉनिक समस्याओं का शिकार हो रहे हैं इसे लेकर अब लोग भी पहले से ज्यादा जागरूक हो गए हैं। इसका सबसे आम उदाहरण ये है कि अब शादी से पहले कुंडली के साथ वर-वधू के हेल्थ रिपोर्ट्स पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सेहत की बात: शादी से पहले सभी लड़कियों को जरूर लगवानी चाहिए ये वैक्सीन, जानलेवा बीमारी से होगा बचाव
एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के जोखिमों को कम करने का अहम तरीका है। इसे यौन संपर्क शुरू होने से पहले लगवाना अधिक प्रभावी होता है। शादी से पहले वैक्सीन लगवाने की सलाह दी जाती रही है। टीकाकरण के बाद भी नियमित स्क्रीनिंग जरूरी है।
एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एक आम वायरस है, जो मुख्य रूप से यौन संपर्क से फैल सकता है। इस वायरस के कुछ प्रकार के स्ट्रेन के लंबे समय तक शरीर में बने रहने से सर्वाइकल कैंसर का खतरा हो सकता है। एचपीवी वैक्सीन इस जोखिम को कम करने में मददगार हो सकती है।
- विशेषज्ञ कम उम्र में, यौन संपर्क शुरू होने से पहले इसे लगवाने की सलाह देते हैं।
- शादी की उम्र से पहले इस वैक्सीन को लेने से सर्वाइकल कैंसर के जोखिमों को कम करने में मदद मिल सकती है।
- हर एचपीवी संक्रमण कैंसर में नहीं बदलता। अधिकतर संक्रमण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता खुद खत्म कर देती है, लेकिन कुछ संक्रमण लंबे समय तक बने रह सकते हैं।
शादी से पहले वैक्सीन क्यों लगवाने की सलाह दी जाती है?
अमर उजाला से बातचीत में डॉ अवधेश अहिरवार बताते हैं, एचपीवी वैक्सीन का सबसे अच्छा असर तब होता है, जब आप इसे वायरस के संपर्क में आने से पहले इसे लगवा ले। इसी वजह से विश्व स्वास्थ्य संगठन लड़कियों को 914 साल की उम्र में टीका लगाने की सलाह देता है। यानी सही समय शादी से काफी पहले का है।
- शादी से पहले वैक्सीन लगवाने का मतलब यह नहीं कि शादी ही संक्रमण का कारण है।
- एचपीवी यौन संपर्क से फैल सकता है और वैक्सीन का उद्देश्य संभावित संक्रमण से पहले सुरक्षा देना है।
- अधिक उम्र में भी कुछ लोगों को वैक्सीन का लाभ मिल सकता है, लेकिन इसे समय रहते लगवाना आपके लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
वैक्सीन लगवाने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?
डॉक्टर बताते हैं, वैक्सीन की खुराक और समय आपकी उम्र और स्वास्थ्य स्थितियों पर निर्भर करती है।
- गर्भावस्था में आमतौर पर एचपीवी वैक्सीन न लेने की सलाह दी जाती है।
- पुरुषों को भी कुछ एचपीवी संक्रमणों और उनसे जुड़े कैंसर का खतरा हो सकता है। ऐसे में ज्यादा जोखिम वाले पुरुषों को भी ये वैक्सीन जरूर लगवा लेनी चाहिए।
- मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि वैक्सीन पहले से मौजूद संक्रमण या उससे हुए कोशिकीय बदलावों को ठीक नहीं करती है, मसलन टीका लगवाने के बाद भी आप संक्रमण का शिकार हो सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
