Cancer Risk: कुछ समय से था दांतों में दर्द जांच में निकला खतरनाक कैंसर, डॉक्टर भी रह गए हैरान
विशेषज्ञों ने कहा, शरीर में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत होती है। दांत में होने वाले दर्द को भी नजरअंदाज न करें। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां व्यक्ति को कुछ समय से दांतों में दर्द था, जांच में उसे कैंसर का शिकार पाया गया।
विस्तार
कैंसर वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम बना हुआ है, हर उम्र के लोगों में इसका खतरा देखा जा रहा है। कैंसर क्यों होता है, किन लोगों में इसका खतरा अधिक होता है, क्यों ये बीमारी बढ़ती जा रही है, हम सभी अक्सर इस बारे में पढ़ते-सुनते और रिपोर्ट्स में देखते रहते हैं। कई मामलों में कैंसर चौंकाने वाले लक्षणों के साथ भी हो सकता है, एक ऐसा ही केस इन दिनों काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला इंग्लैंड के नॉर्थ हैम्पटनशायर का है, जहां 42 साल के एक व्यक्ति को कुछ समय से अक्सर दांतों और मुंह में दर्द बना रहता था। आम लोगों की तरह वह भी इस दर्द को सामान्य दवा लेकर नजरअंदाज कर दिया करता था। जब ये समस्या काफी बढ़ गई तो उसने जांच कराया, पर रिपोर्ट में जो कुछ सामने आया वो सभी को चौंकाने वाला था। जांच की रिपोर्ट में उसे खतरनाक ब्लड कैंसर का शिकार पाया गया।
एड विएरा नाम के व्यक्ति ने कहा, 'मुझे लगा कि यह सिर्फ एक कैविटी है और मैं फिलिंग करवाकर इससे छुटकारा पा सकता हूं।' मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह कैंसर हो सकता है।' सभी लोगों को शरीर में होने वाली इस तरह की छोटी-छोटी दिक्कतों को भी काफी गंभीरता से लेने की जरूरत है।
यहां जानिए पूरा मामला
इंग्लैंड की स्थानीय मीडिया में छपी इस रिपोर्ट ने लोगों को सावधान कर दिया है कि शरीर में होने वाली आम समस्याएं भी अगर लंबे समय तक बनी रहती हैं तो इसे इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए।
- 42 वर्षीय एड विएरा को अगस्त 2025 से अपने बाईं तरफ वाले दांत में हल्का दर्द महसूस हुआ करता था।
- कुछ ही दिनों में ये दर्द दूसरे दांतों में भी बढ़ने लगा और कुछ दांत हिलने भी लगे।
- वह एक स्थानीय चिकित्सक के पास गए, जहां नियमित एक्स-रे से पता चला कि उनके ऊपरी जबड़े के बाईं ओर कोई हड्डी ही बची है।
- इसके बाद सीटी स्कैन किया गया जिसमें पता चला कि उसके साइनस कैविटी में कुछ असामान्य सा ग्रोथ या ट्यूमर जैसा जिसे कैंसरस पाया गया।
- आगे और जांच की गई जिसमें पता चला कि ट्यूमर की वजह से ऊपरी जबड़े की हड्डी गायब हो गई है और ये कैंसर में बदल गया है।
- कैंसर पहले ही उनकी गर्दन तक फैलना शुरू हो गया था।
'दांत के दर्द को कभी न करें इग्नोर'
एड विएरा ने बताया, ये दर्द अक्सर इतना रहता था कि मैं अपनी नाक तक साफ नहीं कर पा रहा था। इससे पहले मेरी सेहत हमेशा अच्छी रही है, हालांकि हालिया डायग्नोसिस पूरे परिवार और डॉक्टरों को भी चौंकाने वाला हो गया। 8 दिसंबर, 2025 को कीमोथेरेपी शुरू की गई और अबतक छह राउंड का ट्रीटमेंट हो चुका है।
विएरा ने चेतावनी दी, दांत दर्द को कभी भी नजरअंदाज न करें, चाहे वह कितना भी हल्का क्यों न हो। आपको कभी नहीं पता होता कि इसके पीछे क्या छिपा है? समय पर बीमारी की जांच बहुत जरूरी है। मुझे ब्लड कैंसर है, जिसका इलाज चल रहा है, डॉक्टरों ने भरोसा दिया है कि मैं इससे ठीक हो सकता हूं।
ब्लड कैंसर क्या होता है?
दुनियाभर में कई प्रकार के कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं, ब्लड कैंसर भी उनमें से एक है। ब्लड कैंसर रक्त कोशिकाओं को प्रभावित करता है। ल्यूकेमिया, लिम्फोमा और मायलोमा इस कैंसर के सबसे आम प्रकार हैं।
रक्त कोशिकाओं के भीतर डीएनए में परिवर्तन के कारण ये कैंसर होता है। इससे रक्त कोशिकाएं असामान्य रूप से व्यवहार करना शुरू कर देती हैं। लगभग सभी मामलों में, ये परिवर्तन उन चीजों से जुड़े होते हैं, जिन्हें हम नियंत्रित नहीं कर सकते हैं।
- कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि धूम्रपान करने वालों में भी इसका खतरा अधिक हो सकता है, इसके अलावा रसायनों के संपर्क की वजह से भी ब्लड कैंसर हो सकता है।
- कुछ प्रकार के रक्त कैंसर बच्चों को प्रभावित करते हैं।
क्या हैं इस कैंसर के लक्षण?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ये कैंसर हमारे शरीर को कई तरह से प्रभावित करने वाला हो सकता है। ब्लड कैंसर के लक्षण उसके प्रकार के आधार पर अलग-अलग होते हैं। अक्सर लोगों में थकान, सांस लेने में तकलीफ, लिम्फ नोड्स में सूजन और बार-बार इन्फेक्शन का खतरा रहता है। हालांकि जब ये कैंसर बढ़ने लगता है तो इससे कई अन्य तरह की दिक्कतें भी हो सकती हैं।
- हड्डियों, जबड़ों-दांतों में दर्द
- रात में बहुत ज्यादा पसीना आने
- जोड़ों में दर्द
- अक्सर और लगातार बुखार रहना।
- बिना किसी वजह के वजन कम होना
ये लक्षण नॉन-कैंसरस बीमारियों में भी हो सकते हैं। लेकिन अगर लक्षण कुछ हफ्तों से ज्यादा समय तक बने रहें, तो इसकी जांच जरूर करा लें। फिलहाल इस चर्चित मामले से ये सीख जरूर ली जानी चाहिए।
-----------
स्रोत:
Man, 42, shares toothache warning after mouth pain was revealed to be symptom of aggressive cancer
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
कमेंट
कमेंट X